जिला स्वच्छता समिति की हुई बैठक: स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर – Prayagraj (Allahabad) News h3>
प्रयागराज, 26 अगस्त 2025: आज संगम सभागार में जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला पंचायतराज अधिकारी एवं सदस्य सचिव द्वारा किया गया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंत
.
व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा
बैठक की शुरुआत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति समीक्षा से की गई। जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया कि कोरांव, सैदाबाद, धनुपुर, उरुवा, करछना एवं मेजा विकास खंडों में द्वितीय किस्त की डिमांड हेतु प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
रेट्रोफिटिंग कार्यों की समीक्षा
जिला पंचायतराज अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर रेट्रोफिटिंग कार्य कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि अब तक जिन शौचालयों का मरम्मत कार्य हुआ है, उनकी पंचायतवार सूची तैयार की जाए एवं खर्च की गई धनराशि का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया जाए।
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM) पर विशेष जोर
बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ODF प्लस मॉडल ग्रामों में निर्मित परिसंपत्तियों जैसे सेग्रीगेशन शेड, वर्मी कम्पोस्ट, खाद गड्ढा, ई-रिक्शा, सोक पिट आदि को तत्काल क्रियाशील किया जाना चाहिए ताकि ग्रामों में प्रभावी कचरा प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।
साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन ग्राम पंचायतों में आरआरसी (कूड़ा घर) निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहां कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। जहां भूमि की उपलब्धता के अभाव में निर्माण शुरू नहीं हो पाया है, वहां संबंधित उप-जिलाधिकारी एवं लेखपाल के माध्यम से भूमि उपलब्ध कराई जाए।
मॉडल मार्किंग ग्राम एवं PWMU पर चर्चा
मॉडल ग्रामों की प्रगति पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शेष 43 ग्रामों को भी शीघ्र मॉडल ग्राम घोषित किया जाए। इसके अतिरिक्त, जिन ग्राम पंचायतों/विकास खंडों से वर्ष 2025-26 हेतु प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट (PWMU) के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, वहां नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महोदया, अपर जिला पंचायतराज अधिकारी, सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी (प्रा.), जिला परियोजना समन्वयक (स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण), सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन जिलाधिकारी महोदय द्वारा इस निर्देश के साथ किया गया कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने स्तर से निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु व्यक्तिगत उत्तरदायित्व का निर्वहन करें तथा सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें।
