श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मथुरा में उमड़ने लगे श्रद्धालु: देशभर से पहुंच रहे भक्त, दुकानों से लड्डू गोपाल व ठाकुर जी की पोशाक खरीद रहे श्रद्धालु – Mathura News

0
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मथुरा में उमड़ने लगे श्रद्धालु:  देशभर से पहुंच रहे भक्त, दुकानों से लड्डू गोपाल व ठाकुर जी की पोशाक खरीद रहे श्रद्धालु – Mathura News

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर मथुरा में उमड़ने लगे श्रद्धालु: देशभर से पहुंच रहे भक्त, दुकानों से लड्डू गोपाल व ठाकुर जी की पोशाक खरीद रहे श्रद्धालु – Mathura News

राकेश पचौरी | मथुरा30 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

योगीराज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर ब्रजभूमि भक्तिभाव में सराबोर है। 16 अगस्त को होने वाले इस महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अब कान्हा के जन्मोत्सव के साक्षी बनने के लिए देशभर से श्रद्धालुओं का मथुरा आगमन शुरू हो गया है। दिन-प्रतिदिन बढ़ती भीड़ के बीच श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ रहा है। चारों ओर “राधे-राधे” और “कृष्ण-कृष्ण” की गूंज वातावरण को भक्ति रस से भर रही है।

भजन मंडलियां, ढोल-नगाड़े और झांझ-मंजीरे के साथ श्रद्धालु जन्मस्थान पहुंच रहे हैं। मंदिर के आसपास के बाजार भी रौनक से भर गए हैं, जहां रंग-बिरंगी सतरंगी सजावट से पूरा इलाका अलौकिक भक्ति माहौल में बदल गया है। दुकानों पर लड्डू गोपाल की सुंदर पोशाकें, श्रृंगार सामग्री और कान्हा की मूर्तियां बिक रही हैं। कई भक्त अपने साथ गोद में लड्डू गोपाल लेकर पहुंचे हैं।

गुड़गांव से आई एक महिला भक्त अपनी गोदी में बड़े स्वरूप के लड्डू गोपाल को लेकर उत्साहित नजर आईं। उन्होंने बताया कि कल ही उन्होंने इन्हें “गोद” लिया है।पहले उनके घर में छोटे स्वरूप के लड्डू गोपाल थे,लेकिन अब बड़े कान्हा स्वरूप को अपनाया है। वह उन्हें ब्रज की गलियों का दर्शन करा रही हैं और जन्मोत्सव के बाद ही अपने घर लेकर जाएंगी।

पहली बार ब्रज पहुंची श्रद्धालु काव्या ने कहा कि यहां आकर मन को अद्भुत शांति और आनंद की अनुभूति हो रही है। “यहां से जाने का मन ही नहीं करता, चारों ओर भक्ति का माहौल और कान्हा के नाम की गूंज आत्मा को आनंदित कर रही है।”

उड़ीसा से आए भक्त बसंत साहू ने बताया कि वर्षों से ब्रज की महिमा सुनते आ रहे थे और आज यहां आकर धन्य महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर जीवन सफल हो गया है। वह जन्मोत्सव तक यहीं ठहरकर ठाकुरजी के जन्म के दिव्य क्षणों के साक्षी बनेंगे।

उनके साथ आए छोटे-छोटे बालक भी अपने आराध्य के दर्शन पाकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि घर में लंबे समय से चर्चा थी कि वे मथुरा आएंगे और कान्हा की लीलाओं का आनंद लेंगे। आज वह सपना पूरा हो गया है।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News