शिक्षक संघ लोकतांत्रिक ने आरोपों को नकारा: प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने कहा- सभी आरोप बेबुनियाद, मानहानि का दावा करेंगे – Dungarpur News h3>
शिक्षक संघ लोकतांत्रिक के प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने शिक्षक संघ सियाराम के आरोपों को नकारा।
राजस्थान शिक्षक संघ लोकतांत्रिक के प्रदेशाध्यक्ष सुभाषचंद्र भट्ट ने शिक्षक संघ सियाराम द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षा और शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है।
.
भट्ट ने स्पष्ट किया कि संस्था का पंजीयन 2023 में हुआ है। इसके बाद ही सदस्यता अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक 3 हजार से अधिक शिक्षकों ने संगठन की सदस्यता ली है। पंजीयन से पहले किसी भी सदस्य से कोई शुल्क नहीं लिया गया। रसीदों पर शिक्षक संघ राष्ट्रीय के मोनोग्राम के संबंध में उन्होंने बताया कि यह अजमेर की प्रिंटिंग प्रेस की गलती थी। इसकी जानकारी राष्ट्रीय पदाधिकारियों को दे दी गई है।
9 लाख रुपए की राशि के आरोप पर भट्ट ने कहा कि नियमानुसार सदस्यता शुल्क का 60% प्रांत और 40% जिला कोष में जमा होता है। 6 लाख रुपए दो अलग-अलग चेक से प्रांत को भेजे गए हैं। शेष 3 लाख रुपए जिले के शिक्षकों के हित के लिए रखे गए हैं, जिसका पूरा हिसाब मौजूद है।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि वैचारिक मतभेद के कारण कुछ शिक्षक नेताओं ने अलग संगठन लोकतांत्रिक बनाया, जो वर्तमान में प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय है। उन्होंने इन आरोपों के विरुद्ध न्यायालय में मानहानि का दावा करने की तैयारी शुरू कर दी है।
रिटायरमेंट के बाद भी पद पर लोकतांत्रिक के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष चंद भट्ट ने कहा कि सियाराम शर्मा 15 साल पहले रिटायर हो गए है। बावजूद वे गलत तरीके से सियाराम के प्रशासनिक अध्यक्ष ओर संरक्षक बने हुए है। जबकि कोई भी संगठन कार्यरत शिक्षकों का है। वही उन्होंने पुलवामा अटैक में शहीदों के परिवार को आर्थिक सहयोग राशि में भी गबन करने के आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों को मदद के लिए प्रदेशभर में शिक्षकों ने 20 लाख की राशि इकट्ठी की। जिसमे से राजस्थान के 6 शहीद परिवारों को प्रत्येक को 1- 1 लाख कुल 6 लाख का सहयोग दिया, लेकिन बचे 14 लाख का हिसाब आज तक नहीं दिया है। इसके अलावा शिक्षक संघ सियाराम ओर शिक्षक संघ राष्ट्रीय को रजिस्ट्रेशन के एक ही नंबर होने के भी गंभीर आरोप लगाए।
शिक्षक संघ लोकतांत्रिक शिक्षा एवं शिक्षकों के हितों के लिए पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ जुटा हुआ है। इस दौरान प्रदेश मंत्री विश्राम कटारा, प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, जिलाध्यक्ष हरिओम पंचाल, जिला मंत्री प्रवीण रावल, कोषाध्यक्ष विनोद गर्ग सहित वरिष्ठ शिक्षक नेता एवं संरक्षक महेंद्र पानेरी, अमरसिंह राव, विकास मेहता, अनिता पंड्या, नीरज पुरोहित, वाडीलाल लबाना, शिवशंकर पाटीदार, हीरालाल गमेती, मुकेश ननोमा आदि शामिल हुए।
