पंजाब के गवर्नर PGI में भर्ती: गिरकर चोटिल होने की खबर, चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं कटारिया; पहले शिमला-राजस्थान में भी बिगड़ चुकी तबीयत – Chandigarh News h3>
चंडीगढ़ PGI के बाहर तैनात गवर्नर की सिक्योरिटी। इनसेट में कटारिया की फाइल फोटो।
पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI में भर्ती कराया गया है। अभी यह सामने नहीं आया है कि कटारिया को क्या हुआ है।
.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कटारिया गिरकर चोटिल हुए हैं। हालांकि राजभवन की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। सीनियर डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
राजस्थान के रहने वाले कटारिया को 31 जुलाई 2024 को पंजाब का गवर्नर और चंडीगढ़ का प्रशासक नियुक्त किया गया था। तत्कालीन गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उनकी नियुक्ति की थी।
23 जुलाई को चंडीगढ़ में गुलाब चंद कटारिया ने जनता दरबार लगाया था।
एक दिन पहले जनता दरबार लगाया बुधवार को गुलाब चंद कटारिया ने दूसरा जनता दरबार लगाया था। सुबह 10 से 12:30 बजे तक आयोजित इस दरबार में कई नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। तब कटारिया ने कहा था कि लोग अधिकतर छोटी-छोटी समस्याएं लेकर आ रहे हैं।
कटारिया ने कहा था-
मैं इस कुर्सी पर लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए बैठा हूं। जनता दरबार का उद्देश्य है कि लोग सीधे अपनी समस्याएं रख सकें और समाधान हो सके।
कटारिया ने बुधवार को पुलिस को सख्त निर्देश दिए थे कि नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पहले भी कटारिया की 2 बार तबीयत बिगड़ चुकी…
1. शिमला में पत्नी के साथ सांस लेने में तकलीफ हुई पिछले महीने की 13 जून को गुलाब चंद कटारिया अपनी पत्नी अनीता कटारिया के साथ शिमला दौरे पर पहुंचे थे। वहां दोनों को सांस लेने में तकलीफ हुई। रात 9 बजे दोनों को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) लाया गया था। वहां अस्पताल के स्पेशल वार्ड नंबर 634 और 635 में भर्ती कर उनका चेकअप किया गया।
अस्पताल में कार्डियोलॉजी विभाग की टीम ने दोनों का ईको टेस्ट, ब्लड प्रेशर और अन्य स्वास्थ्य जांच कीं। सबकुछ सामान्य मिलने पर गवर्नर अपनी पत्नी के साथ लौट गए थे।
2. उदयपुर में भी सीने में दर्द की शिकायत हुई इससे पहले 22 अगस्त 2024 को कटारिया की राजस्थान के उदयपुर में तबीयत बिगड़ गई थी। कटारिया को माछला मगरा स्थित निवास पर सीने में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया। उन्हें कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के आईसीयू में रखा गया। वहां उनके सभी जरूरी टेस्ट कराए गए। रात भर उन्हें अस्पताल में भर्ती रखा गया। रिपोर्ट्स नॉर्मल आने के बाद कटारिया सुबह अस्पताल से घर लौटे।
एमबी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया था कि जब कटारिया को अस्पताल लाया गया तो उनका थोड़ा बीपी बढ़ा हुआ था। सभी रिपोर्ट सामान्य आई और उनकी तबीयत ठीक थी।
