भीलवाड़ा में कार टच होने पर युवक की हत्या: कार से खींचकर बाहर निकाला, दोस्त बोला- भीड़ ने हमें घेरा, मारपीट की – Bhilwara News h3>
जहाजपुर के मुख्य बाजार में हुई इस घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें भीड़ कार को घेरे हुए दिखाई दे रही है।
भीलवाड़ा में ठेले से कार टच होने पर भीड़ ने युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जहाजपुर में घटना से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार देर रात हॉस्पिटल में जमकर हंगामा किया।
.
मौके पर पहुंचे विधायक गोपीचंद मीणा भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने 16 नामजद व 20 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, माहौल को देखते हुए 10 थानों का जाप्ता भी मौके पर तैनात है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
सबसे पहले जानिए- क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार टोंक के छावणी के रहने वाले वाले चार युवक सीताराम, सिकंदर, दिलखुश और दीपक कार से जहाजपुर आए थे। ड्राइविंग करने वाले सिकंदर कीर ने बताया कि वे सभी जहाजपुर में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।
मुख्य बाजार से निकलने के दौरान उनकी कार एक ठेले से टच हो गई। इसके बाद ठेले वाले के साथ उनका विवाद हो गया। इसी दौरान वहां करीब 20 लोग जमा हो गए और मारपीट करने लगे।
उन्होंने सीताराम को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा दिया। हमले में सीताराम कीर (25) की मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर शाम 7.30 बजे की है।
युवक की हत्या की जानकारी के बाद कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी हॉस्पिटल पहुंचे और नारेबाजी करने लगे।
जिनके साथ मारपीट उन्हें ही थाने ले गई पुलिस
जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने सीताराम की बॉडी को हॉस्पिटल पहुंचाया और अन्य तीन युवकों को थाने ले गई। यहां उन्हें डेढ़ घंटे तक बैठाकर रखा।
पुलिस अधीक्षक के पहुंचने के बाद युवकों को छोड़ा गया। वहीं, रात में हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मुख्य आरोपी शरीफ पुत्र चांद मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार ठेला शरीफ का ही था।
जहाजपुर में युवक की हत्या के बाद कई पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रही भीड़ को शांत कराया
10 थानों की पुलिस तैनात
डिप्टी नरेंद्र कुमार पारीक ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। करीब 16 लोगों के खिलाफ नामजद व 20 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। स्थिति को देखते हुए मौके पर 10 थानों की पुलिस तैनात है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
