BJP जिला प्रभारी की गाड़ी का तोड़ा शीशा: दूसरे पार्टी का झंडा रखकर भागे नकाबपोश, CCTV में तस्वीर कैद, CD शर्मा बोले- जान को खतरा – Bhojpur News h3>
आरा में शरारती तत्वों ने भाजपा नेता सीडी शर्मा की गाड़ी का पिछला शीशा फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा गाड़ी से कुछ दूरी पर अन्य पार्टी का पोस्टर गिरा दिया। बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
.
जगदेव नगर गली नंबर सात निवासी भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह जिला प्रभारी चंद्र देव शर्मा ने अपने जान को खतरा बताया है। साथ ही नवादा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला शहर के नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर गली नंबर सात मोहल्ला का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है। फुटेज में दाे संदिग्ध पाए गए है, जो नकाबपोश है।
भाजपा नेता ने कहा है कि सात बजे जब वे अपने घर से पटना जाने के लिए निकले, तो उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी के पिछले भाग का शीशा फूटा हुआ है। गाड़ी के आगे अन्य पार्टी का पोस्टर गिरा हुआ है। पोस्ट पर चार नेताओं के नाम भी लिखे हुए है।
CCTV में वारदात कैद हुई है।
शरारती तत्वों ने घटना को दिया अंजाम
घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया कि देर रात करीब एक बजे दो संदिग्ध व्यक्ति पूरी तरह मुंह ढक कर आए और उनके गाड़ी का शीशा फोड़ डाला और पोस्टर को रखकर वहां से भाग निकले। थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने बताया कि जांच में शरारती तत्वों की ओर से इस घटना को अंजाम जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस मामले में चंद्र देव शर्मा ने बताया कि मेरी दूसरी गाड़ी भी लगी हुई थी। लेकिन उसमें पार्टी बीजेपी का झंडा नहीं लगा हुआ था, इसलिए बदमाशों ने उस गाड़ी को टच भी नहीं किया।
गाड़ी पर लगा था बीजेपी का झंडा
जिस गाड़ी में बीजेपी का झंडा लगा हुआ था, उसके पीछे का शीशा तोड़ दिया गया है। हमारे लिए काफी चिंता का विषय है। पार्टी के काम से हम पटना या अन्य जिलों से रात में अपने घर आते हैं। चुनाव का समय है और मुझे गया लोकसभा का चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया गया है।
मैं अपने पार्टी के लिए काम करता हूं
नेता ने आगे कहा कि मैं अपने पार्टी के लिए काम करता हूं। संभावना है कि मेरे हत्या करने की नीयत से बदमाश आए हो, या फिर मेरे घर में चोरी की घटना को अंजाम देने के फिराक में आ सकते हैं। मेरे मोहल्ले में आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ी हुई है।
घटना के बाद मैंने पुलिस अधीक्षक को फोन पर सूचना दी। मैं जिला प्रशासन से मांग करता हूं कि इस घटना के निष्पक्ष जांच कर जो भी कांड में शामिल है, उन पर कड़ी कार्रवाई करें। इस इलाके में रेलवे ट्रैक के जरिए चोर या लुटेरे जो मोबाइल और ट्रेन में छिनतई करने का काम करते हैं, वो इसी रास्ते से आते है। हमेशा डर का माहौल बना रहता है।
नेता ने कहा कि मोहल्ले के लोगों ने तय किया है कि सभी मिल कर यहां पेट्रोलिंग करेंगे। हमें ऐसा नहीं है कि पुलिस पर भरोसा नहीं है। व्यवस्था को ठीक करने के लिए मैं डीजीपी से बात करुंगा। इस घटना के बाद मेरा पूरा परिवार दहशत में है।
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की है और पोस्टर को अपने साथ ले गए है। मेरे साथ जब ये हो सकता है, तो किसी के साथ भी हो सकता है। स्थिति कंट्रोल के बाहर है। मैंने एसपी से कार्रवाई करने के लिए कहा है।
