9500 लीटर शराब बनाने वाला लहान खत्म कराया: 9.50 लाख का था, 95 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त; बिना अनुमति बना रहे थे – Guna News h3>
पुलिस ने शराब बनाने वाले उपकरण भी नष्ट कर दिए।
गुना के चांचौड़ा इलाके में अवैध शराब बनाने वालों पर कार्रवाई की गई है। भानपुरा गांव में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर 9.50 लाख का 9500 लीटर लाहन नष्ट किया है। साथ ही 19 हजार की 95 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की है।
.
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुरा में कंजर डेरों पर कुछ लोगों के द्वारा अवैध शराब बनाये जाने की सूचनाएं मिल रही थीं।
उन्होंने ग्राम भानपुरा में अवैध शराब कारोबारियों पर कार्यवाही के लिए सुबह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें भेजकर दबिश दिलाई। इसमें चांचौड़ा थाना प्रभारी टीआई प्रमोद कुमार साहू, बीनागंज चौकी प्रभारी एसआई अजयप्रताप सिंह, सानई चौकी प्रभारी SI नीरज लोधी सहित थाना/चौकी, कुम्भराज, पुलिस लाईन का बल और आबकारी विभाग से आबकारी उपनिरीक्षक एलआर करोसिया, उपनिरीक्षक राधाकिशन अटारिया अपने बल के साथ शामिल रहे।
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी।
लहान और शराब छोड़कर भागे ग्राम भानपुरा में कंजर डेरों पर दबिश की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबारी वहां से भाग निकले। इस दौरान डेरों के आसपास बड़े-बड़े ड्रमों एवं टंकियों में शराब बनाने के लिये तैयार किया गया करीब 9500 लीटर लहान बरामद हुआ। इसके साथ ही हाथभट्टी पर तैयार की हुई 95 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई।
मौके से बरामद लहान कीमती करीबन 9.50 लाख का मौके पर ही विधिवत नष्टीकरण किया गया। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में उपयोगी अन्य सामग्रियों भट्टी, हौज आदि को भी नष्ट किया गया।
शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले लाहन को नष्ट किया गया।
मौके से बरामद 95 लीटर अवैध कच्ची शराब कीमती 19 हजार रुपए को विधिवत जब्त किया गया। शराब के इस कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आबकारी विभाग की ओर से आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जो लोग अवैध शराब बना रहे थे उनका पता लगाया जा रहे है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी अंकित सोनी के मार्गदर्शन में अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में SDOP महेंद्र गौतम के नेतृत्व में भानपुरा गांव में दबिश देकर अवैध शराब बनाने वालों पर दबिश दी है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
