PM Modi News Live : बिहार भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं से मिल रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रोड शो पूरा

0
PM Modi News Live : बिहार भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं से मिल रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रोड शो पूरा

PM Modi News Live : बिहार भाजपा कार्यालय में पार्टी नेताओं से मिल रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रोड शो पूरा

07:16 PM, 29-May-2025

राजभवन निकलेंगे प्रधानमंत्री मोदी, सुबह जाएंगे विक्रमगंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यालय में नेताओं से संवाद कर रहे हैं। यह संवाद अब समापन की ओर है। कुछ देर में प्रधानमंत्री मोदी का काफिला वीरचंद पटेल पथ से राजभवन के लिए निकलेगा। काफिला निकलने के इंतजार में सभी सड़कों पर आवाजाही अभी प्रतिबंधित है। लोग हार्डिंग रोड और बेली रोड होकर बोरिंग रोड नहीं जा पा रहे। कार्यालयों से निकले लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है या अपनी गाड़ी छोड़कर घर का रुख करना पड़ रहा है। पीएम मोदी भाजपा ऑफिस से राजभवन जाएंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे। सुबह वह रोहतास के विक्रमगंज के लिए रवाना होंगे।

06:59 PM, 29-May-2025

आधे घंटे से भाजपा नेताओं के बीच पार्टी कार्यालय में हैं मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गाड़ी शाम 6:25 में भाजपा कार्यालय के अंदर गई। अंदर मीडिया के प्रवेश पर रोक है। भाजपा नेताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल सभागार में मुलाकात कर रहे हैं। वह भाजपा नेताओं को पूरे दमखम के साथ बिहार विधानसभा चुनाव में उतरने के लिए मंत्र दे रहे हैं। वह बता रहे हैं कि कैसे भाजपा को बिहार में किए गए केंद्र सरकार के काम और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ की जानकारी दें। वह ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए बिहार के जवानों के प्रति संवेदना भी जता रहे हैं और भाजपा नेताओं से उन परिवारों के आसपास रहने की अपील भी कर रहे हैं।

06:44 PM, 29-May-2025

भाजपा नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए दी बधाई

भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑपरेशन सिंदूर के लिए बधाई दी। पीएम मोदी से मिलने वाले नेताओं ने कहा कि बिहार की मिट्टी से आपने कहा था कि आतंकवादियों को उनकी कल्पना से भी बुरे परिणाम भुगतने होंगे, मिट्टी में मिला देंगे और ऑपरेशन सिंदूर ने उस बात को साबित कर दिखाया। इससे जनता में उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस उत्साह को बनाए रखना है। लोगों को बताना है कि देश की सरकार और सेना राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित है। बिहार चुनाव के लिए उन्होंने तैयारियों को लेकर भी बात की।

06:34 PM, 29-May-2025

पीएम मोदी का भाजपा कार्यालय में हुआ स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना में भाजपा कार्यालय तो पहुंच गए हैं, लेकिन वह नेताओं से मुलाकात के अलावा ज्यादा वक्त नहीं देंगे। प्रधानमंत्री मोदी भाजपा नेताओं से अटल सभागार में मिल रहे हैं। बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, पार्टी के कोटे से बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा व सम्राट चौधरी के साथ बिहार सरकार के मंत्री, भाजपा के सांसद, विधायक और विधान पार्षद उनसे मिल रहे हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रहे कई नेता भी यहां मौजूद हैं। इस मुलाकात में प्रधानमंत्री आगामी चुनाव के लिए नेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए जल्द ही निकल जाएंगे।

06:26 PM, 29-May-2025

शाम 6:25 पर भाजपा कार्यालय पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

अंधेरा होने के पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार भाजपा कार्यालय पहुंच गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में पूरे रास्ते पुष्पवर्षा होती रही। भाजपा कार्यालय के मुख्य द्वार पर उनका स्वागत नारे लगाकर हुआ और इस दौरान वंदे मातरम की धुन बजती रही। प्रधानमंत्री की गाड़ी सीधे भाजपा कार्यालय के अंदर चली गई।

06:19 PM, 29-May-2025

वीरचंद पटेल पथ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो बेली रोड से अब वीरचंद पटेल पथ आ गया है। आम आवाजाही के लिए अब बेली रोड कुछ देर में खुल जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी वीरचंद पटेल पथ पर भाजपा कार्यालय के पास उनका काफिला पहुंच चुका है। 

06:04 PM, 29-May-2025


लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रधानमंत्री मोदी।
– फोटो : NEWS4SOCIALडिजिटल

भाजपा कार्यालय में लोग स्वागत के लिए तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रुक नहीं रहा है, लेकिन धीमी रफ्तार में बढ़ने के कारण यह अब पटना हाईकोर्ट से आगे आयकर गोलंबर के करीब है। पीएम मोदी का रोड शो यहां से बेली रोड को छोड़कर वीर चंद पटेल पथ की ओर मुड़ जाएगा। यहां भाजपा कार्यालय में भारी भीड़ उनके स्वागत के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री यहां अटल सभागार में आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक रुकेंगे और उसके बाद राज्यपाल से मिलने के लिए राजभवन जाएंगे। रात्रि विश्राम राजभवन में ही करेंगे।

05:54 PM, 29-May-2025


प्रधानमंत्री की एक झलक देखने को आतुर रहे लोग। पीएम ने अभिवादन स्वीकार किया।
– फोटो : NEWS4SOCIALडिजिटल

आज जनसभा को संबोधित नहीं करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को रोहतास में जनसभा को संबोधित करेंगे। पटना में जनसभा की योजना नहीं है। प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट पर भी जनता या मीडिया से कोई बात नहीं की। वह उद्घाटन करते हुए रोड शो के लिए निकल गए। रोड शो के रास्ते में वह अपनी गाड़ी की अगली सीट पर बैठकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। कुछ देर में वह भाजपा कार्यालय पहुंच रहे हैं और यहां वह ऑपरेशन सिंदूर से लेकर योजनाओं तक के बारे में लोगों तक अपनी बात पहुंचाने को लेकर कार्य-योजना की जानकारी देंगे। 

05:51 PM, 29-May-2025

भाजपा दफ्तर में कई मुद्दों पर बात करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आयकर गोलंबर के करीब पहुंच रहे हैं। यहां से उनका काफिला बेली रोड से वीरचंद पटेल पथ की ओर मुड़ जाएगा। यहां भाजपा दफ्तर में उनका स्वागत प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल करेंगे। पीएम मोदी यहां बिहार के दोनों भाजपाई उप मुख्यमंत्रियों के साथ पहुंच रहे हैं। भाजपा के ज्यादातर नेताओं को एयरपोर्ट पर जाने की मनाही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज के कार्यक्रम को विभिन्न स्तर पर मैनेज कर रहे बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन से लेकर राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा तक यहीं पहुंचे हुए हैं। गुरुवार को ऋतुराज सिन्हा से गृह मंत्री अमित शाह ने इस बारे में विस्तार से बात की थी।

05:47 PM, 29-May-2025

आगे की सीट पर बैठक पीएम मोदी कर रहे लोगों का अभिवादन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ देर में भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के उद्घाटन और बिहटा एयरपोर्ट का वर्चुअल शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री रोड शो करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचने वाले हैं। करीब 10 मिनट में वह पहुंच जाएंगे। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री की गाड़ी पांच-सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। प्रधानमंत्री आगे की सीट पर बैठे हुए लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। आज से कल तक प्रधानमंत्री करीब 50 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास-लोकार्पण कर रहे हैं।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Bihar News