शिवपुरी में बीजेपी ने निकाली तिरंगा यात्रा: केंद्रीय मंत्री सिंधिया हुए शामिल, बोले- आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा – Shivpuri News h3>
शनिवार को शिवपुरी में भाजपा ने तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा तात्याटोपे समाधि स्थल से शुरू होकर अस्पताल चौराहा और कोर्ट रोड होते हुए माधव चौक तक पहुंची। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यात्रा में हिस्सा लिया।
.
यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, विधायक देवेन्द्र जैन, पूर्व विधायक प्रीतम लोधी, महेंद्र यादव समेत भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, साधु-संत और स्कूली छात्र शामिल हुए। आईटीबीपी के जवानों की मौजूदगी में सिंधिया ने मंच से उनका सम्मान किया।
आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
माधव चौक पर जनसभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा- इतिहास गवाह है कि संकट के समय भारत की हर बेटी-बेटा देश की रक्षा में खड़ा हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सेना सशक्त और स्वतंत्र है।
सिंधिया ने हाल के ऑपरेशन का जिक्र करते हुए कहा कि सेना ने आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। इस दौरान किसी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने तीनों सेनाओं को स्वतंत्र कार्रवाई का अधिकार दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारत अब न व्यापार करेगा, न पानी देगा। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सेनाओं को समर्पित है, जो तिरंगे के लिए प्राण न्योछावर करने को तैयार रहते हैं।
जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
तिरंगा यात्रा से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला चिकित्सालय का दौरा कर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर सिविल सर्जन व सीएमएचओ से चर्चा की। उन्होंने आवश्यक संसाधनों का प्लान तैयार कर अगले दिन तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सिंधिया ने कहा कि अस्पताल में एक मरीज के साथ एक-दो अटेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाए, जहां 24 घंटे बिजली जरूरी है, वहां स्थायी जनरेटर लगाए जाएं। अस्पताल के लिए नई बिल्डिंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
सिविल सर्जन डॉ. यादव ने बताया कि अस्पताल में सीसीटीवी मॉनिटरिंग, नए एसी, वाटर कूलर, ब्रेस्ट फीडिंग कॉर्नर व ई-रिक्शा जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बिस्तरों की संख्या 400 से 600 करने, शव वाहन, एम्बुलेंस, जनरेटर तथा ग्रुप डी कर्मचारियों की भर्ती की आवश्यकता जताई गई।
खेल अलंकरण सम्मान समारोह में हुए शामिल
बाद में श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में आयोजित खेल अलंकरण समारोह में केंद्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ कोच गिरीष मिश्रा, उस्ताद छोटे खान और अजय सांखला को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया। सिंधिया ने बताया कि ग्वालियर में 150 करोड़ की लागत से 40,000 दर्शक क्षमता वाला श्रीमंत माधवराव क्रिकेट स्टेडियम निर्माणाधीन है।
देखें आयोजन की तस्वीरें
