PM से बोले जवान-परमाणु बम से कम नहीं हमारे नौजवान: पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे थे मोदी; 4 जिलों में आज खुलेंगे स्कूल – Punjab News h3>
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जांधर के आदमपुर एयरबेस पर पहुंचकर एयरफोर्स के जवानों का हौसला बढ़ाया।
PM नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की। इस दौरान 2 जवानों ने PM से बातचीत के दौरान शायरना अंदाज में पाकिस्तान पर तंज कसा।
.
जवान ने कहा- आग लगा दूंगा कलम से…. दुश्मनों सावधान, एक परमाणु बम से कम नहीं भारत का नौजवान।
जवान ने आगे कहा- यहां के सेनाओं में यहां के जवानों में दिन रात भूखा प्यासा रहकर दुश्मनों से लड़ने का जज्बा जो भरपूर है, यह हर कदम पर आपका साथ निभाने वाला वायुसेना स्टेशन आदमपुर है। इस दौरान मोदी ने जवान के कंधे को तीन बार थपथपाया।
इसके बाद वहां खड़े एक और जवान ने शायरना अंदाज में कहा-
सेना का नुकसान करने की थी तैयारी, हमने उन्हें सीने पर चढ़कर दिखा दिया कि हमारे वीरों की कैसी है तैयारी।
इसके बाद PM मोदी ने जवानों को 28 मिनट संबोधित भी किया। उन्होंने कहा, ‘भारत में निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही अंजाम होगा- विनाश और महाविनाश। जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना, एयरफोर्स और नेवी ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी है।
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है, जहां बैठकर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन्स, मिसाइलों के बारे में सोचकर पाकिस्तान को कई दिन तक नींद नहीं आएगी।’
आदमपुर एयरबेस पर PM और जवानों के फोटोज
आदमपुर एयरबेस पर जवानों के बीच PM मोदी। यहां एक घंटा रहे।
आदमपुर एयरबेस पर जवानों से बातचीत करते हुए मोदी।
PM मोदी ने एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
मोदी ने जवानों के साथ वंदे मातरम्… का नारा लगाया।
बठिंडा आर्मी कैंट से पाकिस्तान जासूस पकड़ा उधर, बठिंडा आर्मी कैंट से पुलिस ने मंगलवार को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। रकीब नाम का यह व्यक्ति उत्तराखंड के रुड़की का रहने वाला है। आर्मी कैंट के अंदर वह कपड़े सिलने का काम करता है। आर्मी कैंट के अधिकारियों को रकीब की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत बठिंडा पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
बठिंडा आर्मी कैंट से पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले व्यक्ति को पकड़ा।
फिरोजपुर के ममदोट में मंगलवार सुबह पाकिस्तानी ड्रोन दिखा। BSF के जवानों ने ड्रोन पर करीब 250 राउंड फायरिंग की। इसके बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ लौट गया। लोगों ने ड्रोन की वीडियो भी बनाई।
फिरोजपुर में मंगलवार सुबह पाकिस्तानी ड्रोन दिखा था। फायरिंग पर वापस लौट गया था।
ड्रोन अटैक में घायल महिला की मौत वहीं, 9 मई को फिरोजपुर के खाई फेमे गांव में ड्रोन अटैक में घायल हुई महिला सुखविंदर कौर की मंगववार को लुधियाना के DMC अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि, इसी हादसे में घायल हुए उनके पति लखविंदर सिंह और बेटे का अभी इलाज चल रहा है। सरकार ने परिवार को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
अमृतसर, फिरोजपुर, फाजिल्का और तरनतारन में आज स्कूल खुलेंगे भारत-पाकिस्तानी के बीच सीजफायर के बाद आज अमृतसर, फाजिल्का, फिरोजपुर और तरनतारन के स्कूल खुलने जा रहे हैं। इस बारे आदेश जारी कर दिए हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच टकराव को देखते हुए स्कूलों को बंद करने के आदेश जारी किए गए थे l इसके साथ आज अमृतसर एयरपोर्ट से फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी।




