हजरत इमाम की याद में मातमी जुलूस के साथ निकाली ताजिया

3
हजरत इमाम की याद में मातमी जुलूस के साथ निकाली ताजिया

हजरत इमाम की याद में मातमी जुलूस के साथ निकाली ताजिया

-शहादत के 40 दिन पर शहर व प्रखंडों में मनाया जा रहा है चेहल्लुम -आरा शहर में जुलूस निकलने की परंपरा लगभग 200 वर्ष पुरानी आरा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। हजरत इमाम हुसैन की याद में सोमवार को चेहल्लुम के मौके पर आरा शहर से लेकर विभिन्न प्रखंडों में मातमी जुलूस निकाला गया। पैग़म्बर मुहम्मद के नवासे हज़रत इमाम हुसैन और उनके साथियों के साथ 72 लोगों को कर्बला में शहीद किया गया था। उनकी शहादत के 40 दिन पर उनका चेहल्लुम मनाया जाता है। आरा शहर में जुलूस गोपाली चौक के नजदीक अब्बास मार्केट स्थित इमामबाड़ा से दोपहर में निकलकर धर्मन चौक, डिंस टैंक, टाउन थाना, पुरानी पुलिस लाइन होते हुए छोटी कर्बला मौलाबाग में जाकर समाप्त हुआ। आरा शहर में जुलूस निकलने की परंपरा लगभग 200 वर्ष पुरानी है। इसमें कर्बला में हज़रत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों की शहादत को याद कर नौहा पढ़ा जाता है और मातम किया जाता है। शिया समाज के लोग विशेषकर काला वस्त्र पहनकर इस शोकपूर्ण घटना की याद में मातम, नौहा करते हुए शोक मनाते हैं। जुलूस में सैयद अली हुसैन, वारिस बिलग्रामी, रेयाज हुसैन और नासिर हुसैन ने नौहा पढ़ा। सैयद रेयाज हुसैन ने नौहा पढ़ा- चेहल्लुम करो हुसैन का आओ हुसैनियों, मिट्टी अज़ीज़ करती है एक ख़स्ता तन को आज और तुर्बत नसीब होती है एक बेकफ़न को आज। जुलूस में वारिस हुसैन, शब्बीर हसन, काजि़म हुसैन, ताहिर हुसैन, मेहदी हसन, यावर हुसैन, वासिफ़ अली, अकील हैदर, मौलाना आमिर हुसैन आबदी, अबरार हुसैन, दिलशाद हसन, आदिल बिलग्रामी, गुड्डु अंसारी, मुख्तार अहमद सहित अन्य लोग शामिल थे। जुलूस में सर्व-धर्म हुसैनी एकता समाज की ओर से ओम प्रकाश मुन्ना और वीर बहादुर का इसके संचालन में योगदान रहा। प्रशासन की ओर से जुलूस की देख रेख को ले पुलिस व मजिस्ट्रेट की व्यवस्था की गयी थी। गड़हनी में मातमी जुलूस के साथ निकली ताजिया फोटो : 11- गड़हनी में चेहल्लुम पर तजिया जुलूस में शामिल बच्चे। गड़हनी, एक संवाददाता। नगर में चेहल्लुम के मौके पर हज़रत इमाम हुसैन की याद में मातमी जुलूस के साथ ताजिया निकाली गयी। मातमी जुलूस नगर में इमामबड़ा से निकाल कर दक्षिण पट्टी, बिचली पट्टी होते हुए उत्तर पट्टी उपमुख्य पार्षद सुनय परमार के दरबाजा पर जाकर समाप्त हुआ। नगर में जुलूस निकलने की परम्परा पुरानी है। जुलूस के दौरान अगिआंव अंचल के इंस्पेक्टर अनिल कुमार और चरपोखरी थानाध्यक्ष संतोष कुमार दल- बल के साथ मुस्तैद दिखे। जगदीशपुर में चेहल्लुम पर निकाली 16 आकर्षक ताजिया जगदीशपुर, निज संवाददाता। चेहल्लुम पर जगदीशपुर में सोमवार को छोटी-बड़ी 16 ताजियों के साथ परंपरागत ढंग से जुलूस निकाला गया। नगर के राइन ब्रदर्स, सरकारी चौक, पठान टोली व मंगरी चौक का ताजिया आकर्षण का केंद्र बना रहा। जुलूस में युवाओं ने परंपरागत रूप से कई करतब दिखाए और लाठियां भांजकर पारंपरिक शस्त्रों का प्रदर्शन किया। इसके पहले अहले सुबह चार बजे और शाम चार बजे से सभी ताजियादार अपने-अपने चौक से ताजिया निकालकर नगर के मुख्य मार्ग भ्रमण करते हुए वीर कुंवर सिंह किला गेट के समीप पहुंचे। इसके बाद सभी ताजिया क्रमवार तरीके से वीर कुंवर सिंह किला परिसर पहुंचीं, जहां मुख्य पार्षद संतोष कुमार यादव ने मौके पर उपस्थित सभी तजियादारों व अकीदतमंदों से आपसी प्रेम व सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने को लेकर सबका आभार व्यक्त किया। ताजिया जुलूस वीर कुंवर सिंह किला परिसर से क्रमवार तरीके से निकलकर मंगरी चौक, झंझरिया पोखरा, डीएम रोड, पासी टोला के रास्ते देर शाम तक राजा के पोखरा स्थित कर्बला पहुंचा। चेहल्लुम पर सुरक्षा व्यवस्था को ले पुलिस प्रशासन चौकस रहा। जुलूस के रास्ते में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एसडीएम संजीत कुमार, एसडीपीओ राजीव चंद सिंह, थानाध्यक्ष बिगाऊ राम, सीओ विश्वजीत निलंकर, बीडीओ सुदर्शन कुमार सहित अन्य दंडाधिकारी व पुलिस बल विधि व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर थे। इधर, सुरक्षा की दृष्टिकोण से डीएम राजकुमार और एसपी प्रमोद कुमार ने भी जगदीशपुर पहुंचकर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News