जेडीए की हड़ताल से छाई डीएमसीएच में वीरानगी

5
जेडीए की हड़ताल से छाई डीएमसीएच में वीरानगी

जेडीए की हड़ताल से छाई डीएमसीएच में वीरानगी

दरभंगा। डीएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जूनियर डॉक्टर रविवार को तीसरे दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। इमरजेंसी विभाग परिसर में धरने पर बैठकर वे अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलन्द करते रहे। हड़ताल की वजह से अस्पताल परिसर में वीरानगी छा गई है। विभिन्न विभागों से मरीजों का पलायन शुरू हो गया है। इमरजेंसी विभाग में अत्यंत गंभीर मरीजों के इलाज में वरीय चिकित्सक जुटे हैं। हालांकि इलाज नहीं होने की आशंका में अस्पताल में मरीजों का आना कम हो गया है। शनिवार को वहां विभिन्न विभागों में 433 मरीज इलाजरत थे जिनकी संख्या घटकर 365 हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान अस्पताल में मात्र 44 मरीजों का दाखिला लिया गया, जबकि 106 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। डीएमसीएच जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं तब तक वे लोग धरना स्थल से हिलने वाले नहीं हैं। कोलकाता में अभी तक ट्रेनी महिला डॉक्टर से दरिंदगी करने वालों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यहां हमारी सुरक्षा भी दांव पर है। जेडीए ने पूरे अस्पताल परिसर में सीसीटीवी के जरिए मॉनिटरिंग, पर्याप्त रौशनी और परिसर को स्थाई रूप से अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में पुलिस पिकेट की स्थापना और मुख्य सड़क की दोनों ओर गेट बनाने की मांग है जिससे असामाजिक तत्वों को परिसर में घुसने से रोका जा सके। उन्होंने बताया कि अभी तक जिला प्रशासन के एक भी अधिकारी उन लोगों से वार्ता करने को आगे नहीं आए हैं।

घटना के विरोध में जलाये गये कैंडल

बेनीपुर, निज संवाददाता। बेनीपुर जनाधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने बाबा राधेश्याम कुटीर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा चौगामा के पास रविवार को मोमबत्ती जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंच के अध्यक्ष ने कहा कि महिला मुख्यमंत्री के राज में महिला और चिकित्सक के साथ जैसा अत्याचार किया गया, उसे शर्मनाक कहना भी कम होगा। मंच के संरक्षक डॉ. रमन कुमार ने कहा कि इस तरह की घटना मानव को झकझोर देती है। नगर परिषद बेनीपुर के उप मुख्य पार्षद राजीव ठाकुर ने भी इसकी निंदा की। मौके पर बच्चा बाबू झा, चुनचुन झा, बौनू सदा, सहदेव सदा, संत राज पासमान, भगवान पासमान, शारदानंद मिश्र, सत्यम ठाकुर, गोविन्द झा, सत्तन सदा, देवन मुखिया, गोपाल झा आदि उपस्थित थे।

निकाला प्रतिवाद मार्च

दरभंगा। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पारू व परबतिया टोला, मधुबनी में हुए दुश्कर्म एवं हत्याकांड के खिलाफ आइसा, ऐपवा, आरवाईए, जन संस्कृति मंच, इंसाफ मंच एवं भाकपा माले ने रविवार को प्रतिवाद दिवस मनाया। सभा को पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेंद्र झा, आरके सहनी, बैद्यनाथ यादव, प्रो. सुरेंद्र सुमन, शनिचरी देवी, डॉ. रामबाबू आर्य, संदीप कुमार चौधरी ने संबोधित कर महिलाओं की सुरक्षा की मांग की।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News