Delhi-NCR AQI Live Updates: दिल्ली-एनसीआर में फिर लौट आया स्मॉग, अगले 3 दिन बेहद खराब स्तर पर रहेगा पलूशन h3>
दिल्ली के अलावा आज नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में AQI 400 के आंकड़े को भी पार कर गया। यानी यहां की हवा सीवियर कैटिगरी में पहुंच गई है। सीपीसीबी की ओर से जारी अपडेट के अनुसार दिल्ली के आनंद विहार में AQI 439, नोएडा सेक्टर 62 में 431, गाजियाबाद लोनी में 431 दर्ज किया गया है। एनसीआर के अंदर आने वाले और शहरों की बात करें तो गुरुग्राम सेक्टर 51 में 439, फरीदाबाद सेक्टर 11 में AQI 424 रहा है।
ग्रैप का नियम लागू मगर सरकारी निर्माण कार्यों पर रोक नहीं
प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में GRAP का तीसरा चरण लागू हो गया है। लेकिन, सरकारी मिर्माण कार्यों पर कोई रोक नहीं है। इन्हें बैन से बाहर किया गया है। असल में सबसे ज्यादा धूल का गुबार इन्हीं निर्माण कार्यों से फैलता है। एक्सपर्टस का कहना है कि अगर प्रदूषण को काबू करना है तो हमें हर तरह के निर्माण कार्यों पर रोक लगाना होगा। इस रोक से सरकारी निर्माण कार्य बाहर नहीं रह सकते।
सोमवार को ऐसा था पलूशन का स्तर
सीपीसीबी (सेंट्रल पल्यूशन कंट्रोल बोर्ड) के एयर बुलेटिन के अनुसार, सोमवार को राजधानी का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 392 रहा। बहादुरगढ़ में यह 382, बल्लभगढ़ में 288, भिवाड़ी में 268, फरीदाबाद में 363, गाजियाबाद में 353, ग्रेटर नोएडा में 352, गुरुग्राम में 376, मानेसर में 389 और नोएडा में 374 दर्ज हुआ।
राजधानी में कई जगहों पर प्रदूषण का स्तर इमरजेंसी स्तर को छूने वाला है। अलीपुर में 430, शादीपुर में 429, एनएसआईटी द्वारका में 425, डीटीयू में 413, आरके पुरम में 402, नॉर्थ कैंपस में 404, नेहरू नगर में 416, सेक्टर-8 द्वारका में 403, अशोक विहार में 419, सोनिया विहार में 424, जहांगीरपुरी में 450, रोहिणी में 426, विवेक विहार में 411, नरेला में 442, वजीरपुर में 430, बवाना में 441, मुंडका में 423 और आनंद विहार में एक्यूआई 423 रहा।
आईआईटीएम पुणे ने बताया आगे कैसा रहेगा हाल
आईआईटीएम पुणे के अनुसार, 1 नवंबर को प्रदूषण बेहद खराब से गंभीर स्तर के बीच रह सकता है। जबकि 2 और 3 नवंबर को यह बेहद खराब स्तर पर रहेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह गंभीर से बेहद खराब स्तर पर बना रह सकता है। 1 नवंबर को हवाएं दक्षिणपूर्वी दिशा से आएंगी। इनकी गति 4 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी। वहीं सफर के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदूषण का स्तर बेहद खराब रह सकता है।

