नई दिल्ली: राज्य जल मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) ने शुक्रवार को गर्मी के मौसम से पहले दिल्ली (Delhi) में पानी (Water) की आपूर्ति में बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के लिए जल संवर्धन परियोजना की समीक्षा की. दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करने के लिए ये बैठक बुलाई गई थी.
DJB इन परियोजनाएं पर कर रहा काम
इस बैठक में हैदरपुर और चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में ट्यूबवेल की स्थापना, फ्लो मीटर लगाना, ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना और इनोवेशन सेल बिल्डिंग की स्थापना आदि को लेकर समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि हैदरपुर डब्ल्यूटीपी में जल शोधन क्षमता को 16 एमजीडी और चंद्रावल डब्ल्यूटीपी में 12 एमजीडी बढ़ाया जा रहा है. इसके अलावा, पूर्वी दिल्ली में रन्नी कुओं पर अमोनिया हटाने वाले संयंत्र लगाए जा रहे हैं, जिससे जल आपूर्ति में 4 एमजीडी की बढ़ोत्तरी होगी.
ये भी पढ़ें- बिहार में पंचायत चुनाव के पोस्टर कब लगा सकते हैं?
24 घंटे में क्लियर करनी होगी हर फाइल
इस दौरान मंत्री सत्येंद्र जैन ने DJB अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को गर्मी को मौसम आने से पहले पूरा कर लिया जाए. इन परियोजनाओं से जुड़ी कोई भी फाइल किसी भी स्तर पर 24 घंटे से अधिक लंबित न रखी जाए. उन्होंने कहा कि पानी उपलब्ध कराना हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है. जल आपूर्ति में बढ़ोत्तरी से जुड़ी सभी फाइलों पर तत्काल कार्रवाई के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाए.
अप्रैल तक 1.5 लाख अन्य घरों तक पहुंचेगा पानी!
जैन ने कहा कि हम अप्रैल 2021 से पहले पानी में 34 MGD बढ़ोत्तरी करने की कोशिश कर रहे हैं. इससे 1.5 लाख घरों तक पानी आपूर्ति कर सकते हैं. दिल्ली सरकार ने 1622 कॉलोनियों में पाइप लाइन बिछाई है और 1571 कॉलोनियों में पानी पहुंचा दिया है. इसके अतिरिक्त पानी से लगभग 7.5 लाख आबादी को राहत मिलेगी, पाइप लाइनों पर बूस्टर पंपों का दवाब भी कम होगा.

