Delhi Temperature: शीतलहर का प्रकोप जारी, 4 डिग्री तक पहुंचा पारा; राहत के आसार नहीं

191
Delhi Temperature: शीतलहर का प्रकोप जारी, 4 डिग्री तक पहुंचा पारा; राहत के आसार नहीं

नई दिल्ली (वैभव परमार): हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) और उत्तराखण्ड (Uttarakhand) के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी का असर दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत पूरे उत्तर भारत में दिख रहा है. मौसम की मार से शीत लहर शुरू हो गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के उत्तरी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है. आज न्यूनतम पारा 4 डिग्री तक रहने का अनुमान लगाया गया है.

मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री
कल मंगलवार को न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा. यानी 2020 में अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ. आपको बता दें कि पिछले 10 साल में ये पांचवा मौका था जब दिसंबर में तापमान इतना नीचे गया है. सामान्यत: पारे में इतनी गिरावट 20 दिसंबर के बाद होता था लेकिन इस बार पांच दिन पहले ही पारा इतना नीचे लुढ़क गया.

दिल्ली में चालू हुई शीत लहर
पहाड़ी इलाकों में बीते दिनों हुई बर्फबारी से राजधानी दिल्ली और एनसीआर इलाके में शीत लहर (Cold waves) शुरू हो गई है. मौसम विभाग के प्रादेशिक प्रमुख आनंद शर्मा ने ज़ी न्यूज को बताया कि अगले 2 से 3 दिनों तक दिल्ली में शीत लहर बनी रहेगी. दिल्ली में इन दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच रहेगा. पहाड़ों से जो ठंडी हवाएं उत्तर भारत की ओर आ रही हैं, उसकी वजह से हवाओं का दबाव 18 से 19 दिसंबर तक मैदानी क्षेत्रों में बना रहेगा.

कोहरे से बढ़ा दिल्ली का प्रदूषण
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में ठंड की वजह से फॉग और कोहरा बढ़ने से प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा है. ऐमें में दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी रखने की जरूरत है. क्योंकि अगर 4 डिग्री सेल्सियस में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगे तो उनके लिए उस वक्त पारा 0 डिग्री हो जाएगा.

फिलहाल सर्द हवा व सर्दी से राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर फ़िलहाल उत्तर भारत में बना रहेगा. इस कारण अभी सर्द हवा और सर्दी से राहत की संभावना नहीं है. दिल्ली में अभी कोहरे छाए रहने की संभावना बनी हुई है. वहीं सर्द हवा चलने के कारण ठिठुरन रह सकती है.

दिल्ली के मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.3 और न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था. इससे पहले सोमवार को अधिकतम पारा 20.3 और न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री रहा था. बता दें कि साल 2019 में 14 दिसंबर को अधिकतम 29.6 एवं न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ था.

ये भी पढ़ें- भगवान शिव के माता-पिता कौन थे?

Source link