यूपी: 68,500 शिक्षक भर्ती मामला फिर गरमाया, मंत्री आवास पर प्रदर्शन, OBC आरक्षण लागू करने की मांग
उत्तर प्रदेश में 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा विवाद एक बार फिर सामने आ गया है। शनिवार को इस परीक्षा के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने लखनऊ में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के आवास का घेराव…
उत्तर प्रदेश में 2018 की 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा विवाद एक बार फिर सामने आ गया है। शनिवार को इस परीक्षा के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने लखनऊ में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सिफारिशों को लागू करना है, जिसमें अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को पासिंग मार्क्स में 5 प्रतिशत की छूट देने की बात कही गई है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 'दस्तक दो अभियान' के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में अभ्यर्थी संशोधित परिणाम जारी कर नई चयन सूची बनाने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग पहले ही OBC अभ्यर्थियों को 5% छूट देकर नियुक्ति देने की संस्तुति कर चुका है, लेकिन सरकार ने अब तक इस पर अमल नहीं किया है।
क्या हैं अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें?
प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने अपनी मांगें विस्तार से बताई हैं। उनकी मांग है कि आयोग की सिफारिश के मुताबिक, OBC उम्मीदवारों के लिए पासिंग मार्क्स 150 में से 60 अंक (यानी 40 प्रतिशत) निर्धारित किए जाएं। इसी नए कट-ऑफ के आधार पर परीक्षा का परिणाम संशोधित हो और एक नई चयन सूची जारी की जाए, ताकि योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति मिल सके।
आश्वासन के बाद धरना स्थल भेजे गए प्रदर्शनकारी
अभ्यर्थियों का दावा है कि अगर उनकी यह मांग मान ली जाती है तो इसका लाभ न केवल OBC वर्ग को, बल्कि दिव्यांगों, भूतपूर्व सैनिकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों जैसे अन्य आरक्षित वर्गों को भी मिलेगा। तूफान सिंह के मुताबिक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करने के बाद उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। मंत्री ने कहा कि वह इस विषय पर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से बात करके समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। प्रदर्शन के बाद, मौके पर मौजूद पुलिस ने सभी अभ्यर्थियों को बस में बैठाकर ईको गार्डन स्थित धरना स्थल पर भेज दिया।
इनपुट: IANS



