अंडमान बैंक घोटाला: ED की एक और बड़ी कार्रवाई, पूर्व सांसद से जुड़ी 121 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
अंडमान एवं निकोबार स्टेट कोऑपरेटिव बैंक (ANSCBL) से जुड़े करोड़ों रुपये के ऋण घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसी ने…
अंडमान एवं निकोबार स्टेट कोऑपरेटिव बैंक (ANSCBL) से जुड़े करोड़ों रुपये के ऋण घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत 121.35 करोड़ रुपये मूल्य की 40 संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर ली हैं। इस मामले के मुख्य आरोपियों में बैंक के तत्कालीन उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा शामिल हैं।
ईडी द्वारा 5 नवंबर 2026 को जारी किए गए कुर्की आदेश में 35 अचल और 5 चल संपत्तियां शामिल हैं। इनमें कई भूखंडों के अलावा एक होटल (जॉय ग्रैंड होटल), पर्यटन में इस्तेमाल होने वाले दो सेमी-सबमरीन पोत और तीन बैंक खातों में जमा राशि भी है। इस ताजा कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य बढ़कर 326.91 करोड़ रुपये हो गया है।
शेल कंपनियों और फर्जी मूल्यांकन का जाल
जांच में पता चला है कि कुलदीप राय शर्मा ने बैंक के अन्य अधिकारियों और सहयोगियों के साथ मिलकर एक बड़ा षड्यंत्र रचा था। ईडी के अनुसार, आरोपियों ने 23 शेल कंपनियां (दिखावटी कंपनियां) बनाईं, जिनका कोई वास्तविक कारोबार नहीं था और अपने करीबियों को उनमें डमी डायरेक्टर बनाया। इन कंपनियों के नाम पर बैंकिंग नियमों को ताक पर रखकर भारी-भरकम ऋण स्वीकृत कराए गए, जिन्हें कभी चुकाया नहीं गया।
आरोप है कि धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए जमीनों का मूल्यांकन कृत्रिम रूप से कई गुना बढ़ाकर दिखाया गया। उदाहरण के तौर पर, लगभग 1 करोड़ रुपये की जमीन को ऋण दस्तावेजों में 10 करोड़ रुपये या उससे भी अधिक का बताया गया। ईडी का दावा है कि यह फर्जी मूल्यांकन बैंक के पैनल में शामिल एक मूल्यांकनकर्ता की मदद से किया गया था।
कैसे हुआ संपत्तियों का हेरफेर
एजेंसी ने बताया कि कुर्क की गई 35 अचल संपत्तियों में से 15 को पहले पावर ऑफ अटॉर्नी और बिक्री समझौतों के जरिए आरोपियों और डमी निदेशकों के नाम पर लिया गया। बाद में इन्हीं जमीनों को बैंक में गिरवी रखकर उनकी असल कीमत से कहीं ज़्यादा का कर्ज उठा लिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि क्रोएशिया से आयातित दो सेमी-सबमरीन पोत और जॉय ग्रैंड होटल वास्तव में कुलदीप राय शर्मा के लिए खरीदे गए थे, लेकिन इसके लिए एक शेल कंपनी के नाम पर लिए गए फर्जी ऋण की रकम का इस्तेमाल किया गया।
अब तक की जांच और गिरफ्तारियां
ईडी की जांच के अनुसार, बैंक के तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारियों, जिसमें शर्मा और तत्कालीन प्रबंध निदेशक के. मुरुगन (अब दिवंगत) भी शामिल हैं, ने ऋण मंजूर करने के बदले कथित तौर पर ऋण राशि का लगभग 5 प्रतिशत कमीशन के रूप में लिया। एजेंसी इस मामले में कुलदीप राय शर्मा, के. मुरुगन, ऋण अधिकारी के. कलैवानन और होटल व्यवसायी संजय लाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 14 नवंबर 2025 को 39 आरोपियों और संस्थाओं के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दायर की जा चुकी है। इससे पहले, 10 फरवरी 2026 को ईडी ने 205.56 करोड़ रुपये की 51 संपत्तियां कुर्क की थीं। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
इनपुट: IANS



