कानून का खौफ क्या होता है, यह देखने को मिला जबलपुर में जहां पर एक युवती प्रेमी की बेवफाई से नाराज होकर जैसे ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंची चंद घंटों बाद ही युवक ने उससे संपर्क कर शादी कर ली। घटनाक्रम खमरिया थाना के ग्राम डूडी पिपरिया का है। पुलिस ने युवक रंजीत कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पहले प्यार फिर शादी का वादा खमरिया थाना के ग्राम डूडा पिपरिया में रहने वाले रंजीत कुशवाहा की दो साल पहले पड़ोस के गांव में रहने वाली युवती से पहचान हुई थी। दोनों की एक दूसरे से बात होते-होते, प्यार हो गया। अक्सर दोनों की मुलाकात भी होती थी। रंजीत ने युवती से संबंध बनाए, पर शादी के लिए तैयार नहीं हो रहा था। युवती के परिवार वालों ने रंजीत को समझाने की कोशिश की पर वह नहीं माना, और अचानक गांव से गायब हो गया। प्यार में बेवफाई-युवती ने की एफआईआर
एक सप्ताह से युवती लगातार रंजीत से मोबाइल पर संपर्क कर रही थी, पर बात नहीं हो पाई। इस बीच परिवार वालों को पता चला कि वह गर्भवती हो गई है। शुक्रवार की रात को युवती परिवार वालों के साथ खमरिया थाने पहुंची और रंजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने रेप,एसटी एक्ट की धाराओं के तहत रंजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश में जुट गई। युवती ने बताया कि चार माह पहले तक वह शादी करने को तैयार था, पर कुछ दिनों पहले अचानक ही बात करना बंद कर दिया। शनिवार को युवती हो गई गायब 24 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने रंजीत कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्जकर उसकी तलाश में जुटी हुई थी, इसी बीच शनिवार की सुबह वह भी गायब हो गई। परेशान परिवार वाले खमरिया थाने पहुंचे और बताया कि उनकी बेटी कहीं चली गई है। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर ही रही थी, कि उसकी मां के मोबाइल पर लड़की का मैसेज और वीडियो आया, जिसमें उसने बताया कि उसने रंजीत से मंदिर में विवाह कर लिया है, और अब उसी के साथ रहेगी। वीडियो में युवती बता रही थी कि वह बालिग है, और उसने अपनी मर्जी से बिना किसी के दवाब में यह शादी की है। एफआईआर हो चुकी है दर्ज खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक का कहना है कि तीन माह पहले युवती थाने आकर रंजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी,उस समय वह गर्भवती थी। बाद में दोनों के बीच पुलिस थाने में ही समझौता हो गया था, जिसमें दोनों एक दूसरे के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज नहीं करना चाहते थे। युवती का कहना था कि रंजीत शादी करने को तैयार हो गया था। शुक्रवार को युवती ने एक बार फिर थाने आकर रंजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। आज युवती का कहना है कि उसने रंजीत से विवाह कर लिया है। टीआई ने बताया कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है, और पुलिस कार्रवाई कर कर दोनों को कोर्ट में पेश करेगी, अंतिम निर्णय वहीं से होगा।