दिल्ली: नकली नोटों का धंधा करने आए दो युवक गिरफ्तार, 2.65 लाख की जाली करेंसी बरामद
दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने जाली नोटों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर पहाड़गंज के एक…
दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट टीम ने जाली नोटों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर पहाड़गंज के एक गेस्ट हाउस में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2,65,100 रुपये की नकली भारतीय करेंसी जब्त की गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है। उन्हें पहाड़गंज स्थित नीलम गेस्ट हाउस से पकड़ा गया, जहां वे ग्राहक की तलाश में रुके हुए थे।
सस्ते दाम पर बेचते थे जाली नोट
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जाली नोट बेचने के मकसद से ही दिल्ली आए थे। उनकी योजना 1 लाख रुपये के नकली नोटों को 25,000 से 30,000 रुपये के असली नोटों के बदले बेचने की थी। हालांकि, इससे पहले कि वे किसी ग्राहक से सौदा कर पाते, पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक पहले भी इसी तरह के अपराध में शामिल रहा है। उसके खिलाफ 2023 में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में नकली करेंसी से जुड़ा एक मामला दर्ज है। आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें यह जाली करेंसी 'एस' नाम के एक व्यक्ति ने दी थी।
सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब 'एस' नामक मुख्य सप्लायर की पहचान करने और इस नेटवर्क के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों का लक्ष्य इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ करना है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों की मेडिकल जांच कराकर उन्हें अदालत में पेश किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर महीने में भी दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर में पुलिस ने चार लोगों को 1.84 लाख रुपये की जाली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया था।
इनपुट: IANS



