100 की स्पीड से रेलिंग तोड़कर गंगा में गिरी स्कॉर्पियो: बक्सर में 4 घंटे के बाद मिली; गाड़ी से एक शव बरामद, बाकियों की तलाश जारी – Buxar News h3>
बक्सर में शुक्रवार रात 9 बजे एक स्कॉर्पियो वीर कुंवर सिंह ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में गिर गई। हादसे के वक्त गाड़ी की रफ्तार 100 से ज्यादा थी। बेकाबू होकर गाड़ी पहले वो डिवाइडर पर चढ़ी, फिर नीचे गिर पड़ी।
.
हादसे के बाद रेस्क्यू टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया, करीब चार घंटे बाद स्कॉर्पियो मिली, जिसे दो क्रेन की मदद से बाहर निकाल गया।
गाड़ी से एक शख्स की लाश भी बरामद हुई है। गाड़ी में कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन गाड़ी से एक फोन मिला है, जिससे माना जा रहा है कि गाड़ी में कम से कम 2 लोग थे। बाकियों की तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद DM विद्यानंद सिंह और SP शुभम आर्य भी मौके पर पहुंचे। SDRF और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
हादसे के बाद की 3 तस्वीरें…
स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से गंगा नदी से निकाला गया।
स्थानीय गोताखोर और SDRF की टीम ने घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया।
हादसे में वीर कुंवर सिंह ब्रिज की 15 फीट की रेलिंग टूट गई है।
गाड़ी के अंदर मिली एक की लाश
गाड़ी के अंदर एक व्यक्ति का शव मिला, जिसको आनन-फानन में हॉस्पिटल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बक्सर के दुल्लहपुर निवासी संजय सिंह के बेटे झामु (22) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर आ रहे थे। इसी दौरान वीर कुंवर सिंह सेतु पर हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गाड़ी में 4 से 5 लोग सवार थे। लेकिन, दो लोगों के सुराग मिले हैं। शव मिलने के बाद ही आंकड़ा क्लियर हो पाएगा।
गाड़ी से दूसरे युवक का फोन बरामद
रेस्क्यू टीम को स्कॉर्पियो से ड्राइवर के अलावे एक और शख्स का फोन मिला है। जिससे उसकी पहचान हुई। फोन हर्ष सिंह (22) का है। इससे उसके गाड़ी में होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, SDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी है।
SP शुभम आर्य ने बताया कि ‘स्कॉर्पियो में कम से कम दो युवक सवार थे। जिसमें एक का शव बरामद किया गया है। दूसरे युवक की तलाश की जा रही है।’
डीएम ने बताया कि ‘स्कॉर्पियो के गंगा में गिरने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।’
————————-
इसे भी पढ़िए….
मुजफ्फरपुर में चलते ई-रिक्शा में आग, जिंदा जली महिला, VIDEO:सीट पर पड़ी मिली बॉडी, पूरा शरीर जल गया सिर्फ ढांचा बचा; 4 गंभीर
मुजफ्फरपुर के गायघाट इलाके में गुरुवार को चलते ई-रिक्शा में आग लग गई। हादसे में महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि एक महिला की अस्पताल में इलाज में के दौरान मौत हो गई। 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। सभी को इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया गया है। पूरी खबर पढ़ें।