वर्ष 2025 तक हर खेत को पानी : संजय झा

107
वर्ष 2025 तक हर खेत को पानी : संजय झा

वर्ष 2025 तक हर खेत को पानी : संजय झा

दरभंगा। जल संसाधन और पीआरडी मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश…

Newswrapहिन्दुस्तान टीम,दरभंगाSat, 06 Aug 2022 12:10 AM

दरभंगा। जल संसाधन और पीआरडी मंत्री संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निश्चय के अनुरूप वर्ष 2025 तक बिहार के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने के लिए जल संसाधन सहित सभी संबंधित विभागों द्वारा तत्परता से कार्य किए जा रहे हैं। ये बातें उन्होंने शुक्रवार को सिंहवाड़ा और केवटी में जमींदारी बांध पर कराए गए कटाव निरोधक कार्य का लोकार्पण करने के बाद कही। मंत्री ने कहा कि हर गांव तक सड़क और हर घर तक बिजली पहुंचने के बाद अब हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचने से प्रदेश में विकास को नई गति मिलेगी और कृषि क्षेत्र का कायाकल्प होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में नदी जल का बेहतर प्रबंधन करते हुए बाढ़ का प्रभाव कम करने और हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा कई योजनाओं पर तत्परता से कार्य किये जा रहे हैं। बिहार में बाढ़ का प्रभाव कम करने के लिए पहली बार नदियों से गाद निकालने की दिशा में सुनियोजित तरीके से काम किये जा रहे हैं। इससे नदी की जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और बाढ़ का प्रभाव कम होगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ से सुरक्षा के लिए कई अत्याधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुछ स्थानों पर जमींदारी बांध का रखरखाव भी विभाग द्वारा पहली बार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से सुरक्षा के लिए सिंचाई भवन, पटना स्थित कॉल सेंटर चौबीसों घंटे सातों दिन तत्परता से काम कर रहा है। कॉल के जरिये तटबंधों में कटाव, रिसाव, क्षरण, नुकसान पहुंचाये जाने इत्यादि से जुड़ी जो भी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, उन पर संबंधित अभियंताओं के माध्यम से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा अधिकारियों एवं अभियंताओं के राज्यस्तरीय और जोन वाइज व्हाट्सएप ग्रुप बनाये गये हैं। इससे पहले मंत्री श्री झा ने सिंहवाड़ा प्रखंड के टेकटार में आयोजित कार्यक्रम में सिरहुल्ली-टेकटार जमींदारी बांध पर कराए गए कटाव निरोधक कार्य के साथ-साथ केवटी प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न जमींदारी बांधों पर कराए गए कटाव निरोधक कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने केवटी प्रखंड के कोठिया में बागमती नदी के बाएं तट पर बने कोठिया जमींदारी बांध के दो बिन्दुओं पर कराये गये टूटान-मरम्मत एवं कटाव निरोधक कार्य का लोकार्पण किया। इससे आसपास के कई गांव बाढ़ से सुरक्षित हो गए हैं। कोठिया जमींदारी बांध के दो बिन्दुओं पर क्रमश: 60 मीटर और 40 मीटर लंबाई में मिट्टी भराई एवं कैंपेक्शन के बाद दोनों बिंदुओं पर कंट्री साइड में सिंगल लेयर गैबियन और सिंगल लेयर जियो बैग पिचिंग एवं नदी की तरफ डबल लेयर गैबियन और डबल लेयर जियो बैग पिचिंग का कार्य कराया गया है। इससे वाजितपुर, मगरथू, पिंडारूच (पूर्वी), नवटोलिया और शेखपुरदानी के लोगों को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी। मौके पर नगर विधायक संजय सरावगी, एनडीए के कई नेता, जल संसाधन विभाग के कई वरीय अधिकारी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य डॉ. निर्भय शंकर भारद्वाज आदि मौजूद थे।

epaper

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News