रोडवेज की लग्जरी पांच बसों के एसी बंद: अवध डिपो की छह वातानुकूलित बसों में तकनीकी खराबी, यात्रियों ने रोडवेज मुख्यालय से की शिकायत – Lucknow News h3>
भीषण गर्मी के बीच रोडवेज की लग्जरी वातानुकूलित बसों की खराब हालत एक बार फिर सामने आई है। अवध डिपो से सोमवार को विभिन्न रूटों पर रवाना हुई छह लग्जरी बसें बीच रास्ते तकनीकी खराबी का शिकार हो गईं। इनमें पांच बसों के एसी ने काम करना बंद कर दिया, जबकि एक बस ओवरहीटिंग के कारण रास्ते में रुक गई। एसी फेल होने से यात्रियों को उमस और घुटन के बीच सफर करना पड़ा। कई यात्रियों ने इस संबंध में रोडवेज के प्रबंध निदेशक (एमडी) कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। एसी बंद होते ही बस बनी भट्टी, यात्रियों को खोलने पड़े दरवाजे जानकारी के मुताबिक लखनऊ-अलीगढ़ मार्ग पर चलने वाली बस संख्या यूपी 78 एफएन 7524, बढ़नी रूट की बसें यूपी 33 एटी 5753, यूपी 33 एटी 5861, यूपी 33 एटी 5875 और लखनऊ-वाराणसी मार्ग की बस यूपी 14 एफटी 3802 के एसी बीच रास्ते में खराब हो गए। एसी बंद होने के बाद बसों के भीतर तापमान तेजी से बढ़ गया और यात्रियों को राहत के लिए दरवाजे खोलकर सफर करना पड़ा। लखनऊ से वाराणसी जा रहे यात्री अखिलेंद्र सिंह ने बताया कि एसी की कूलिंग बंद होते ही बस के अंदर का माहौल भट्टी जैसा हो गया। गर्मी और उमस के कारण यात्रियों का हाल बेहाल हो गया और मजबूरी में मुख्य दरवाजा खोलकर यात्रा पूरी करनी पड़ी। मुसाफिरखाना के पास ओवरहीट होकर रुक गई बस वहीं लखनऊ से वाराणसी जा रही बस संख्या यूपी 78 एफएन 7516 मुसाफिरखाना के पास ओवरहीट हो गई। इंजन का तापमान बढ़ने पर बस को रास्ते में रोकना पड़ा। बस रुकने के बाद यात्रियों को नीचे उतरना पड़ा। चालक और परिचालक ने मौके पर इंजन की जांच कर तकनीकी खराबी दूर की, जिसके बाद बस को दोबारा गंतव्य के लिए रवाना किया गया। रखरखाव पर उठे सवाल, रोजाना हो रहे ब्रेकडाउन अवध डिपो में संचालित 87 लग्जरी वातानुकूलित बसों के रखरखाव की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी के पास है। बावजूद इसके बसों में लगातार तकनीकी खराबियां सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार पर्याप्त रखरखाव और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण औसतन 35 बसें प्रतिदिन डिपो में खड़ी रहती हैं। वहीं सड़क पर चलने वाली आठ से दस बसें रोज किसी न किसी तकनीकी खराबी या ब्रेकडाउन का शिकार हो रही हैं। शिकायतों पर कार्रवाई के संकेत रोडवेज के प्रवक्ता अमरनाथ सहाय ने कहा कि बीच रास्ते लग्जरी बसों के एसी फेल होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों व एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews