योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कही ऐसी बात, लगे ठहाके… अखिलेश ने भी बढ़ा दिया ‘दोस्ती’ का हाथ

90
योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कही ऐसी बात, लगे ठहाके… अखिलेश ने भी बढ़ा दिया ‘दोस्ती’ का हाथ

योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में कही ऐसी बात, लगे ठहाके… अखिलेश ने भी बढ़ा दिया ‘दोस्ती’ का हाथ

लखनऊ: यूपी विधानसभा में गुरुवार को महिलाओं की आवाज गूंजी। महिला विधायकों ने इस मौके पर अपनी बातों को सदन के पटल के माध्यम से प्रदेश के समक्ष रखा। सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं का मामला उठाया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी विधानसभा में महिलाओं को अपनी बात रखने का मौका दिए जाने के मसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज विधानसभा में महिला विधायकों की आवाज गूंज रही है। हमने ये देखा है कि सदन में पुरुष नेताओं की बातों के पीछे कहीं महिला सदस्यों की आवाज दब जाती है। वहीं, कार्यक्रम के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा को गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराध के मामलों में बढ़ोत्तरी पर सत्ता पक्ष और विपक्ष को मिलकर काम करना होगा। एक सुरक्षित माहौल का निर्माण जरूरी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुटकी लेते हुए कहा कि आज सदन की कार्यवाही में महिला सदस्यों की बातें सुनकर उन्हें अपनी गलती का अहसास हो जाए। अगर ऐसा हो जाए तो घर जाकर महिलाओं से माफी मांग सकते हैं। दरअसल, सीएम योगी ने महिला विधायकों की आवाज सदन में दबाए जाने की घरों में महिलाओं को अपनी बात न रखने देने से तुलना कर दी थी। सीएम योगी की बात जैसे ही सदस्यों की समझ में आई, सदन ठहाकों में डूब गया। हर चेहरे पर हंसी थी। महिला विशेष सत्र में विधानसभा की 47 और विधान परिषद की 6 महिला सदस्यों को अपनी बात रखने का मौका दिया गया है।

महिलाओं ने बनाई है अपनी जगह
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं ने अपनी जगह खुद बनाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए पहले भी काम हुए हैं। महिलाओं के लिए समानता की शुरुआत पहले ही चुनाव से हो गई थी। महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार दिए गए हैं। सीएम योगी ने कहा कि इंग्लैंड समेत कई देशों में महिलाओं को इस प्रकार का अधिकार बाद में मिला। सदन आज इतिहास रचने को तैयार है। सीएम ने इस मौके पर देवी अहिल्याबाई और रानी लक्ष्मी बाई समेत कई वीरांगनाओं को याद किया।

ग्रामीण स्तर पर महिलाओं के अपने पैरों पर खड़ा होने का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बैंकिंग प्रतिनिधि सखी और स्वयंसेवक समूह की महिलाओं को राशन वितरण का अधिकार दिया गया है। बुंदेलखंड में गृहणी दुग्ध उत्पादक शुरू किया गया है। गांव की सामान्य महिलाओं ने इनकी मदद से अपनी क्षमता का परिचय दिया है। सरकार ने महिलाओं के लिए मिशन शक्ति के तहत थानों में हेल्प डेस्क बनाई है। यूपी पुलिस में 10 हजार महिला पुलिस की संख्या बढ़कर 35 हजार हो चुकी है। महिला वीर पुलिस अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में तैनात की गई है। सीएम योगी ने सरकार के स्तर पर किए गए कार्यों को गिनाया।

महिलाओं के मुद्दे बहुत, एक दिन काफी नहीं
नेता प्रतिपक्ष और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मौके पर कहा कि महिलाओं के पास काफी मुद्दे हैं। उनके सभी मुद्दों को उठाने का समय दिया जाना चाहिए। एक दिन काफी नहीं है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अखिलेश ने कहा कि मैं अखबारों को पढ़कर हैरान होता हूं। महिलाओं को लेकर कितने कठोर कानून पास हुए हैं। इसके बाद भी उनके खिलाफ अपराध के आंकड़े बढ़ रहे हैं। हर सरकार में ऐसा होता है। हमारे भी कार्यकाल के दौरान मामले सामने आए थे। हाथरस कांड इस सरकार के कार्यकाल में हुआ। महिला अपराधों के मामले पर सबको मिलकर काम करना होगा।

अखिलेश ने कहा कि हमें महिलाओं की पढ़ाई, सुरक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना होगा। महिला अधिकारों के मामले में काम करने को लेकर उन्होंने दलगत राजनीति न आड़े आने की बात कही। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष मिलकर काम करेगा, तभी प्रदेश में महिला विकास की राह को तैयार किया जा सकेगा।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News