मौसम: उम्मीदों का मानसून सूखे बादल की लाया खेप, आसपास झमाझम बरस रहे बादल

171

मौसम: उम्मीदों का मानसून सूखे बादल की लाया खेप, आसपास झमाझम बरस रहे बादल

विभाग के रेकॉर्ड में पूर्वी मप्र मानसून से कवर
आसपास के जिलों में भी हो रही है बारिश, यहीं सूखा

जबलपुर। उम्मीदों का मानसून इस बार सूखे बादलों की खेप लेकर आया। मौसम विभाग के रेकॉर्ड में दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने शुक्रवार को पूर्वी मध्यप्रदेश को कवर कर लिया है। लेकिन, मानसून आने के दावे के बाद से ही शहर अभी तक तर नहीं हो सका है। आसपास के जिलों में मानसून आने के बाद बादलों की मेहरबानी शनिवार को भी बनी रही। शहर में शुक्रवार तक होने मामूली बूंदाबांदी भी शनिवार को नहीं हुई। आसमान में सुबह से काले बादल जरूर मंडराए। कई बार काले मेघ ऐसे छाए कि लगा मानसूनी बादल अब जमकर बूंदाबांदी करेंगे। लेकिन, शाम होते तक शहर सूखा ही रहा। प्री मानसूनी बादलों की बूंदाबांदी से आयी नमी भी देर शाम तक तक सूखने लगी। इससे रात को उमस बढ़ गई। हालांकि, नमी युक्त शीतल हवा से गर्मी से राहत बनी रही।

बाकी जगह वर्षा
आसपास के जिलों नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, उमरिया, कटनी, दमोह में वर्षा रेकॉर्ड। शहर में शुक्रवार को सुबह 6.30 से शनिवार को सुबह 8.30 बजे के बीच 4.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी। जिले में इस सीजन में कुल 58.3 मिमी वर्षा हुई है।

सामान्य से 10 डिग्री नीचे पारा
बादलों के साया बना रहने शनिवार को पारा नरम बना रहा। तापमान में मामूली गिरावट रही। अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सी रेकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 10 डिग्री सी नीचे बना रहा। न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से छह डिग्री नीचे रहा। आद्र्रता सुबह के समय 91 और शाम को 70 प्रतिशत थी। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम हवा 4 किमी प्रतिघंटा की गति से चली।

बारिश का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उड़ीसा के क्षेत्र में चक्रवात बना हुआ है। ये आगे बढ़ रहा है। अरब सागर में भी एक निम्न दाब क्षेत्र बन रहा है। पंजाब से मध्यप्रदेश होते हुए बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके और बंगाल खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र से शहर में आने वाले तीन दिनों में बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ बूंदबांदी होने की सम्भावना जताई जा रही है।






Show More











उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News