महाराष्ट्र में घूमने नहीं देंगे, एक दिन जेल में बिताओ तब सावरकर का बलिदान समझ में आएगा, राहुल पर भड़के शिंदे

4
महाराष्ट्र में घूमने नहीं देंगे, एक दिन जेल में बिताओ तब सावरकर का बलिदान समझ में आएगा, राहुल पर भड़के शिंदे

महाराष्ट्र में घूमने नहीं देंगे, एक दिन जेल में बिताओ तब सावरकर का बलिदान समझ में आएगा, राहुल पर भड़के शिंदे


मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विनायक दामोदर सावरकर का अपमान किया है और उन्हें दंड दिया जाना चाहिए। शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी को जिस कानून के तहत संसद सदस्य के तौर पर अयोग्य करार दिया गया है, उसे UPA सरकार ने बनाया था और मोदी सरकार ने उसे महज लागू किया है। राहुल गांधी दोषी करार दिए गए और लोकसभा सदस्य के तौर पर अयोग्य हो गए, लेकिन वह लगातार विनायक दामोदर सावरकर का यह कहकर अपमान कर रहे हैं कि वह सावरकर नहीं हैं, जो माफी मांगें। वह खुद को क्या समझते हैं? उन्हें दंडित किया जाना चाहिए। शिंदे ने विधानसभा में कहा, ‘सावरकर देशभक्त हैं। क्यों देशभक्त का अपमान? महाराष्ट्र प्रधानमंत्री मोदी और सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। लोग उन्हें महाराष्ट्र की सड़कों पर चलने नहीं देंगे।’

दूसरी तरफ राहुल गांधी को संसद सदस्य के रूप में निलंबित किए जाने के विरोध में ठाणे कांग्रेस ने सड़क पर उतर विरोध जताया। शहर अध्यक्ष विक्रांत चव्हाण के नेतृत्व में प्रदेश सचिव व ठाणे प्रभारी संतोष केने की मौजूदगी में तमाम कांग्रेसी जिलाधिकारी कार्यालय स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के पास जमा हुए और नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस अवसर पर चव्हाण ने चेतावनी दी कि मोदी सरकार का सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्ष को खत्म करने की कोशिश का विरोध जारी रहेगा। इस दौरान युवक कांग्रेस के लोगो ने संविधान की शव यात्रा निकाली और जवाहर बाघ श्मशान भूमि में उसका अंतिम संस्कार किया।

राहुल के समर्थन में आव्हाड
एनसीपी विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र आव्हाड राहुल के समर्थन में आए हैं। आव्हाड की तरफ से शहर के विभिन्न स्थानों पर राहुल के होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें भारत जोड़ो यात्रा की तस्वीरें शामिल गई हैं और लिखा है कि यह देश बदले की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा।

भिवंडी में लोकतंत्र को स्ट्रेचर लिटाया
राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने और संसद की सदस्यता रद्द किए जाने से नाराज भिवंडी युवक कांग्रेस ने आंदोलन किया। इसके तहत, लोकतंत्र को सांकेतिक स्ट्रेचर पर लिटाया गया। भिवंडी युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राहुल पाटील एवं प्रदेश सचिव नीलेश ज़ेडगे के नेतृत्व में नारपोली इलाके में प्रदर्शन किया गया।

मीरा-भाईंदर में हुआ विरोध प्रदर्शन
राहुल गांधी के समर्थन में मीरा-भाईंदर युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सिद्देश राणे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मेट्रो के पिलर पर ‘सेव डेमोक्रेसी’, ‘ब्लैक डे’ जैसे स्लोगन लिखे। राणे ने कहा कि यह मोदी सरकार के पतन की शुरुआत है।

कल्याण में केंद्र सरकार के खिलाफ मार्च
राहुल के समर्थन और केंद्र सरकार के विरोध में कल्याण में प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के विरोध में कल्याण में मोर्चा निकाला। कल्याण में जिलाध्यक्ष सचिन पोटे, ब्रिज दत्त, लालचंद तिवारी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। जिलाध्यक्ष सचिन दत्तात्रय पोटे ने मोदी सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News