मशहूर लेखक सलमान रुश्दी पर न्यू यॉर्क में जानलेवा हमला, हमलावरों ने चाकू घोंपकर किया घायल

135
मशहूर लेखक सलमान रुश्दी पर न्यू यॉर्क में जानलेवा हमला, हमलावरों ने चाकू घोंपकर किया घायल


News, नई दिल्ली। प्रख्यात लेखक सलमान रुश्दी के ऊपर जानलेवा हमले की खबर आने के बाद दुनियाभर में हड़कंप मच गया है। खबरों के मुताबिक, रुश्दी न्यू यॉर्क के बफेलो के पास चौटाउक्वा में एक लेक्चर देने जा रहे थे। तभी मंच पर जाने से पहले ही हमलावरों ने चाकू से घोंपकर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।  एएनआई न्यूज के मुताबिक, हाल ही में रुश्दी को मारने वालों के लिए 30 लाख अमेरिकी डॉलर का इनाम भी घोषित किया गया था।

 

गौरतलब है कि सलमान रुश्दी दुनियाभर में अपनी एक किताब को लेकर चर्चा में आए थे। उनकी किताब ‘द सैटेनिक वर्सेज’ ईरान में 1988 से बैन है, क्योंकि कई मुसलमान इसे ईशनिंदा मानते हैं। उनकी यह किताब काफी ज्यादा विवादित रही है। सैटेनिक वर्सेज लिखने के बाद सलमान रुश्दी को ईरान की ओर से भी जान से मारने की धमकी भी दी जा चुकी है। हालांकि, लेखक सलमान रूश्दी पर हमला करने वाले सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस पूरे मामले को लेकर छानबीन कर रही है। अभी तक हमला करने के पीछे का कारण नहीं पता चल पाया है।

जानें सलमान रूश्दी के बारे में 

गौरतलब है कि सलमान रूश्दी का जन्म 19 जून 1947 को मुंबई में हुआ था। बताया जाता है कि रूश्दी अक्सर अपनी किताबों व शादियों को लेकर हमेशा चर्चा में रहे। सलमान रूश्दी ने चार शादियां की, लेकिन एक भी के साथ रिश्ता नहीं चल सका। सलमान रुश्‍दी के पिता अनीस अहमद रुश्‍दी और मां नेगीन भट्ट हैं। ये दोनों सलमान रुश्दी के जन्म के कुछ समय बाद ही ब्रिटेन चले गए थे। जहां इंग्लैंड के रगबी स्कूल में उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा ली थी। इसके बाद उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में इतिहास का अध्ययन किया। साहित्यकार बनने से पहले सलमान दो विज्ञापन एजेंसियों में कॉपी राइटर के तौर पर काम कर चुके थे।