मथुरा में चेन स्नेचर गिरफ्तार: रोकने पर फायरिंग की, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली – Mathura News h3>
मथुरा में धार्मिक स्थलों पर महिलाओं से चेन छीनने वाला बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में दबोच लिया गया। उसके कब्जे से छीनी गई चेन, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार पुत्र नवाब सिंह निवासी सतलोनी खुर्द वेसवा, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। वह थाना जैत में दर्ज एक छिनैती के मुकदमे में वांछित चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अल्लैपुर गांव से हाईवे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देख आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें विशाल के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में मिली चेन और अवैध हथियार गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में आरोपी के पास से एक महिला से छीनी गई चेन, .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई। धार्मिक स्थलों पर महिलाओं को बनाता था निशाना सीओ सदर प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि आरोपी धार्मिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस को देखकर उसने जानलेवा फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। अस्पताल में भर्ती, आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस घायल आरोपी को उपचार के लिए वृंदावन के सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ मथुरा और अलीगढ़ में चोरी, छिनैती और शस्त्र अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews