भोजपुर को नासरीगंज लख से नीचे नहर में मिला 2200 क्यूसेक पानी

124
भोजपुर को नासरीगंज लख से नीचे नहर में मिला 2200 क्यूसेक पानी

भोजपुर को नासरीगंज लख से नीचे नहर में मिला 2200 क्यूसेक पानी

-जिले की प्रमुख आठ वितरणियों में छोड़ा गया पानी, रोपनी के गति पकड़ने की उम्मीद

-नहर में जहां-तहां गास लगाने से नीचे नहीं खिसक रहा पानी, अधिकारी हो रहे परेशान

-सहार में जेई को किसानों ने घेरा, पीरो में गासी लगाने का विरोध करने पर मेठ को पीटा

आरा, हमारे संवाददाता।

भोजपुर के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। इंद्रपुरी बराज से पानी छोड़ दिया गया है। पानी जिले की नहर में पहुंच भी गया है। नासरीगंज लख से नीचे आरा मुख्य नहर में जिले के लिए 2200 क्यूसेक पानी मिल रहा है। इससे जिले में धान की रोपनी में गति पकड़ने की उम्मीद है। मुख्य नहर से जिले की आठ प्रमुख वितरणियों में पानी छोड़ा दिया गया है, लेकिन पानी के लिए परेशान ऊपरी क्षेत्र के किसानों ने पहले अपने इलाके में रोपनी कर लेने की होड़ में नहर में जहां-तहां गास लगा दिया है। इससे उन क्षेत्रों में रोपनी तो शुरू हो गई है, लेकिन निचले भाग में पानी नहीं खिसक रहा है। इससे निचले क्षेत्र के किसान पानी के लिए परेशान हैं। नहर में गास लगा दिए जाने से विभागीय अधिकारी-कर्मी भी परेशान हैं और उन्हें किसानों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। इसका नतीजा है कि रविवार की सुबह में ही किसानों ने सहार के एकवारी में कनीय अभियंता संजय से बदसलूकी की और उन्हें घंटों घेरे रखा। लोगों को समझा बुझाकर किसी तरह शांत कराया गया। साथ ही गास छुड़ाकर पानी छोड़े जाने का आश्वासन दिया गया। दूसरी ओर पीरो के नगरांव गांव के समीप नहर में गास लगाने का विरोध करने पर किसानों ने नहर के मेठ अभिषेक को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर अन्य मेठ ने हड़ताल पर जाने की धमकी विभाग को दे डाली। तब जाकर वरीय अधिकारी के हस्तक्षेप और प्राथमिकी दर्ज करने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। घायल मेठ की ओर से थाने में नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है।

दनवार लख से नीचे मुख्य नहर में 1144 क्यूसेक मिल रहा पानी

दनवार लख से नीचे आरा मुख्य नहर में 1144 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे मुख्य नहर से जुड़ी प्रमुख वितरणी में आवश्यकता एवं क्षमता के अनुसार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे जिले के अन्य भागों में भी धान की रोपनी में तेजी आने की संभावना दिख रही है। अगले कुछ दिनों में आरा मुख्य नहर को इससे भी अधिक पानी मिले जाने की उम्मीद विभाग की ओर से जताई गई है।

किस वितरणी में कितना पानी

वितरणी क्यूसेक

बिहिया 666

कोईलवर 250

पनवारी 50

डिलिया नारायणपुर 122

जैतपुर 100

कुरमुरी 60

बिछियांव 30

कटेया 246

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News