Advertising
Home Top stories भीषण गर्मी के बीच चित्तौड़गढ़ में हरियाली की तैयारी: 20 नर्सरियों...
Advertising
<

भीषण गर्मी के बीच चित्तौड़गढ़ में हरियाली की तैयारी: 20 नर्सरियों में तैयार हुए 13 लाख 85 हजार पौधे, 5 जून से होगा वितरण शुरू – Chittorgarh News

3
भीषण गर्मी के बीच चित्तौड़गढ़ में हरियाली की तैयारी:  20 नर्सरियों में तैयार हुए 13 लाख 85 हजार पौधे, 5 जून से होगा वितरण शुरू – Chittorgarh News

भीषण गर्मी के बीच चित्तौड़गढ़ में हरियाली की तैयारी: 20 नर्सरियों में तैयार हुए 13 लाख 85 हजार पौधे, 5 जून से होगा वितरण शुरू – Chittorgarh News


एक तरफ चित्तौड़गढ़ सहित पूरा राजस्थान भीषण गर्मी और हीटवेव की मार झेल रहा है, वहीं दूसरी तरफ जिले में बड़े स्तर पर हरियाली बढ़ाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। 5 जून से शुरू होने वाले हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वन विभाग ने जिलेभर की 20 नर्सरियों में करीब 13 लाख 85 हजार पौधे तैयार किए हैं। इस बार अभियान को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जा रहा, बल्कि आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। विभाग का मानना है कि बढ़ती गर्मी और लगातार बदलते मौसम के बीच ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण ही आने वाले समय में राहत का बड़ा जरिया बन सकता है। घर, खेत, स्कूल और ऑफिस के लिए तैयार किए गए अलग-अलग पौधे वन विभाग ने इस बार लोगों की जरूरत और पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग प्रजातियों के पौधे तैयार किए हैं। डीएफओ राहुल झाझरिया ने बताया कि नर्सरियों में अमरूद, अनार, शीशम और कचनार जैसे फलदार और छायादार पौधों के साथ-साथ गुलमोहर, बेल्टा फार्म और अन्य सजावटी प्रजातियों को भी तैयार किया गया है। कई पौधे ऐसे हैं जिनकी मांग इंडस्ट्री और संस्थानों की ओर से भी लगातार बढ़ रही है। विभाग का कहना है कि इस बार कोशिश यह है कि हर व्यक्ति अपनी जरूरत के हिसाब से पौधा चुन सके और ज्यादा से ज्यादा लोग पौधरोपण से जुड़ें। 5 जून से ऑनलाइन खरीद सकेंगे पौधे वन विभाग ने सभी तैयार पौधों का स्टॉक एफएमडीएसएस पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिया है। 5 जून से आमजन इस पोर्टल के जरिए पौधे खरीद सकेंगे। विभाग के अनुसार ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से लोगों को पौधों की उपलब्धता और प्रजातियों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इससे नर्सरियों में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में पौधों की मांग लगातार बढ़ी है, इसलिए इस बार पहले से ज्यादा स्टॉक तैयार किया गया है। जिले को मिला 32 लाख पौधरोपण का लक्ष्य हरियालो राजस्थान अभियान के तहत इस बार चित्तौड़गढ़ जिले को करीब 32 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसे लेकर जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को 11 लाख 92 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि वन विभाग को 6 लाख 28 हजार पौधों का लक्ष्य मिला है। प्रशासन का फोकस इस बार गांवों, सड़क किनारों, स्कूलों, सरकारी परिसरों और खाली जमीनों पर ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करवाने पर रहेगा। पिछले साल से ज्यादा तैयार हुआ पौधों का स्टॉक डीएफओ के अनुसार इस साल करीब 12 लाख 20 हजार नए पौधे तैयार किए गए हैं। इसके अलावा पिछले साल के करीब 90 हजार पौधे भी उपलब्ध हैं। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 13 लाख 85 हजार पौधों का स्टॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा मनरेगा कार्यों के लिए अलग से 75 हजार पौधे रखे गए हैं। अधिकारी का कहना है कि पौधों की देखभाल और गुणवत्ता पर इस बार विशेष ध्यान दिया गया है ताकि लोगों को मजबूत और जल्दी बढ़ने वाले पौधे मिल सकें। जिले की 20 नर्सरियों में चल रही तैयारियां चित्तौड़गढ़ रेंज की चित्तौड़गढ़ नर्सरी और हथनी ओदी में सबसे ज्यादा 1 लाख 30 हजार-1 लाख 30 हजार पौधे तैयार किए गए हैं। वहीं सेमलपुरा में 40 हजार और नेचर पार्क में 10 हजार पौधे तैयार हुए हैं। निंबाहेड़ा रेंज के निंबाहेड़ा में 25 हजार, सांवलियाजी और मंगलवाड़ में 90-90 हजार पौधे तैयार किए गए हैं। विजयपुर रेंज के दूधी तलाई में 90 हजार, विजयपुर में 50 हजार और कनेरा में 20 हजार पौधे तैयार किए गए हैं। बेगूं रेंज के बेगूं में 30 हजार, पीपली खेड़ा और लाड़पुरा में 50-50 हजार तथा पारसोली में 1 लाख पौधे तैयार किए गए हैं। रावतभाटा रेंज के एकलिंगपुरा में 30 हजार और रावतभाटा में 20 हजार पौधे तैयार किए गए हैं। जावदा रेंज के आगरा में 30 हजार पौधे तैयार किए गए हैं। बोराव रेंज में बोराव में 60 हजार और गोपालपुरा में 40 हजार पौधे तैयार हुए हैं। वहीं कपासन रेंज के गंगरार में 35 हजार और कपासन में 1 लाख पौधे तैयार किए गए हैं। 5 रुपए से 75 रुपए तक में मिलेंगे पौधे वन विभाग ने पौधों की अलग-अलग ऊंचाई और प्रजातियों के हिसाब से दरें तय की हैं। कांटेदार प्रजाति के पौधे 5 रुपए में मिलेंगे। 2 फीट तक की ऊंचाई वाले छायादार और चौड़ी पत्ती वाले पौधों की कीमत 6 रुपए रखी गई है। 2 फीट से ऊपर और 3 फीट तक के पौधे 10 रुपए में उपलब्ध होंगे। वहीं 3 फीट से 5 फीट तक के पौधे 15 रुपए और 5 फीट से 8 फीट तक के पौधे 25 रुपए में मिलेंगे। 8 फीट से 10 फीट तक के बड़े पौधे 50 रुपए और 10 फीट से अधिक ऊंचाई वाले पौधे 75 रुपए में उपलब्ध होंगे। फलदार और छायादार पौधों की बढ़ रही मांग इस बार नर्सरियों में अर्जुन, जामुन, अमरूद, नींबू, करंज, अमलतास, कचनार, शहतूत, गुलमोहर, बिलपत्र, गूलर, चम्पा, कनेर, गुलाब और गुड़हल जैसी कई प्रजातियां तैयार की गई हैं। वन विभाग का कहना है कि अब लोग सिर्फ औपचारिक पौधरोपण नहीं कर रहे, बल्कि ऐसे पौधे चुन रहे हैं जो लंबे समय तक छाया दें, पर्यावरण बेहतर करें और फल भी दें। यही वजह है कि फलदार और छायादार पौधों की मांग लगातार बढ़ रही है। पर्यावरण बचाने के लिए जनभागीदारी पर जोर DFO राहुल का कहना है कि हरियालो राजस्थान अभियान का मुख्य उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर, खेत, गांव और आसपास खाली जगहों पर ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं और उनकी देखभाल भी करें। अधिकारियों का मानना है कि अगर पौधरोपण को जनआंदोलन बनाया गया तो आने वाले सालों में जिले में हरियाली बढ़ेगी और बढ़ती गर्मी से भी राहत मिल सकेगी।

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News

Advertising