बिहार RJD अध्यक्ष की छुट्टी करेंगे लालू ? जगदानंद बोले- मुझे पता नहीं, सिद्दीकी बोले- वो बने रहेंगे

114
बिहार RJD अध्यक्ष की छुट्टी करेंगे लालू ? जगदानंद बोले- मुझे पता नहीं, सिद्दीकी बोले- वो बने रहेंगे

बिहार RJD अध्यक्ष की छुट्टी करेंगे लालू ? जगदानंद बोले- मुझे पता नहीं, सिद्दीकी बोले- वो बने रहेंगे

आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पार्टी के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह की छुट्टी करने वाले हैं। इस बीच जगदानंद का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की योजना के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। खबर है कि जगदानंद को हटाकर लालू यादव उनकी जगह अब्दुल बारी सिद्दीकी को आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष बनाने वाले हैं। हालांकि, सिद्दीकी ने इससे इनकार कर दिया और कहा कि जगदानंद पद पर बने रहेंगे।

आरजेडी के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वह पार्टी में अहम भूमिका अदा करते आए हैं और आगे भी पार्टी के लिए काम करेंगे। वह अभी तक अस्वस्थ हैं और इलाज के लिए पिछले दिनों पटना और दिल्ली गए थे। जगदानंद का कहना है कि उन्हें पार्टी में बदलाव की योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस पर वह टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। 

जगदानंद सिंह ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में कई बार उनकी आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से बात हुई है। नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। बता दें कि जगदानंद पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार और लालू के करीबियों में से एक हैं। 

सुधाकर के इस्तीफे से नाराज हैं जगदानंद

आरजेडी के अंदरखाने से खबर है कि जब उनके बेटे सुधाकर सिंह को नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा देने के लिए कहा गया तो जगदानंद नाराज हो गए। अक्टूबर की शुरुआत में ही जगदानंद सिंह ने आरजेडी प्रदेश कार्यालय जाना छोड़ दिया था। कई हफ्तों तक वे गायब रहे। बाद में वे मीडिया के सामने आए और कहा कि वे छुट्टी पर हैं और अपने गांव में आराम कर रहे हैं।

तेजस्वी संभाल रहे जगदानंद का कामकाज

पिछले कुछ हफ्तों से डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पटना स्थित आरजेडी प्रदेश दफ्तर जा रहे हैं और वरिष्ठ नेताओं से बैठक कर जगदानंद का कामकाज संभाल रहे हैं। गोपालगंज और मोकामा उपचुनाव पार्टी ने जगदानंद के बिना ही लड़ा। आगामी कुढ़नी उपचुनाव भी उनकी अनुपस्थिति में ही लड़े जाने की संभावना है।

24 अक्टूबर से पहले नए आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान

लालू के करीबी एक वरिष्ठ आरजेडी नेता का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव होने जा रहा है। लालू यादव और तेजस्वी इस पर फैसला लेंगे। लालू यादव 24 नवंबर को सिंगापुर जा रहे हैं, उससे पहले नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो जाएगा।

MY समीकरण साधने में जुटे लालू यादव, आरजेडी में बड़े बदलाव की तैयारी

बता दें कि आरजेडी में होने वाले बदलाव में जातीय समीकरणों को ध्यान में रखा जाएगा। अब्दुल बारी सिद्दीकी के मुस्लिम चेहरा होने के चलते उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। इसके अलावा दलित वर्ग से भी किसी को अध्यक्ष बनाने की बात पहले सामने आई थी। उस वक्त पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम का नाम चर्चा में था।

सिद्दीकी बोले- जगदानंद ही प्रदेश अध्यक्ष

आरजेडी में होने वाले बदलाव के बारे में जब अब्दुल बारी सिद्दीकी से पूछा गया तो, उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया। सिद्दीकी ने कहा कि अभी तक जगदानंद ही प्रदेश अध्यक्ष हैं और उनका मानना है कि वह पद पर बने रहेंगे। उन्होंने खुद के प्रदेश अध्यक्ष बनने से इनकार कर दिया। 

 

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News