बादलों ने डाला डेरा, जबलपुर समेत संभाग में हो सकती है झमाझम बारिश – देखें वीडियो

311

बादलों ने डाला डेरा, जबलपुर समेत संभाग में हो सकती है झमाझम बारिश – देखें वीडियो

मौसम में नमी से साढ़े पांच डिग्री लुढक़ा पारा
पहले झमाझम, फिर देर रात तक पड़ीं बौछार

जबलपुर। पिछले तीन दिनों से शहर में काले बादलों ने डेरा डाल रखा है। रोज शाम को बादल बरस पड़ते हैं, लेकिन सुबह सूरज की तपिश उमस से लोगों को परेशान कर देती है। हालांकि बुधवार से बादलों ने स्थाई डेरा डाल लिया है। आज भी झमाझम बारिश होने की संभावना बन रही है। बादलों ने दोपहर 12 बजे से ही संकेत देने शुरू कर दिए हैं। शहर में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी होने लगी है। शाम तक जोरदार बारिश हो सकती है।

शहर में मंगलवार शाम को हुई बारिश के बाद बुधवार को दिन में तेज धूप खिली। इससे पूरी दोपहर लोग गर्मी से हलाकान रहे। लेकिन, उमस बढऩे से बने स्थानीय बादल शाम को राहत बनकर बरसे। तेज हवा चलने के साथ शहर के कुछ हिस्से में झमाझम तो कहीं छिटपुट बारिश हुई। इससे तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। शाम को शुरू हुई बारिश देर रात तक रुक-रुक कर होती रही। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह के समय आद्र्रता 89 और शाम को 70 प्रतिशत थी। दक्षिण-पश्चिमी हवा चार किमी प्रतिघंटा की गति से चली।

 

आज भी हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार छत्तीसगढ़ पर चक्रवात होने से शहर का मौसम प्रभावित है। इससे बुधवार को कहीं-कहीं बारिश हुई। गुरुवार को भी बारिश का अनुमान है। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण-पश्चिमी बिहार एवं उत्तरी अरब सागर के ऊपर भी कम दबाव के क्षेत्र हैं। ट्रफ लाइन झारखंड-दक्षिणी छत्तीसगढ़ से गुजर रही है। मानसून ट्रफ लाइन अभी पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड होते बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।

बरगी बांध में जलस्तर 5 सेंटीमीटर बढ़ा
बरगी जलाशय का जलस्तर पिछले दो-तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते 5 सेंटीमीटर बढ़ गया है। जलाशय का जलस्तर 414.75 मीटर दर्ज किया गया है। पहले बरगी जलाशय का जलस्तर 414.70 के आसपास बना हुआ था। मंडला, डिंडोरी जिलों में बारिश होने से जलाशय के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना है। बरगी का कुल जल भराव स्तर 422.75 मीटर है।









उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News