फर्रुखाबाद में भाकियू ने लगाया आरोप: सरकार किसानों की आय पर गुमराह कर रही, आलू की कम कीमतों पर उठाए सवाल – Farrukhabad News h3>
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने सरकार पर देश और दुनिया को गुमराह करने का आरोप लगाया। महासचिव ने कहा कि सरकार लोगों को बता रही है कि किसानों की आमदनी बढ़ गई है, जबकि वास्तविकता कुछ और है। उन्होंने फर्रुखाबाद में आलू की कम कीमतों पर भी सवाल उठाए। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार के कार्यालय पर पहुंचे प्रदेश महासचिव ने बताया कि फर्रुखाबाद में आलू का एक पैकेट 100 रुपये में बिक रहा है। आलू की इतनी कम कीमतों से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल आंकड़े और एजेंडा दिखाती है, उसे किसानों की वास्तविक आय बढ़ने या न बढ़ने से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने बीते दिनों प्रश्नकाल में कृषि मंत्री द्वारा दिए गए बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने किसानों की आय आठ गुना बढ़ने का दावा किया था। महासचिव ने इस दावे को गलत बताया और कहा कि कृषि मंत्री के गृह राज्य मध्य प्रदेश के किसानों की स्थिति भी देखनी चाहिए। महासचिव ने उदाहरण देते हुए कहा कि फर्रुखाबाद में किसान का आलू 2 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि उनके गृह जिले जालौन में, जो फर्रुखाबाद से करीब 200 से 250 किलोमीटर दूर है,वही आलू 20 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों पर ऐसे नियम थोपे गए हैं कि अधिक उत्पादन करने पर उनकी खरीद मूल्य कम हो जाता है, जबकि व्यापारियों को 10 गुना तक छूट मिलती है। उन्होंने कहा कि भारत का किसान मूर्ख नहीं है और वह सब कुछ समझता है। महासचिव ने यह भी बताया कि फर्रुखाबाद में एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी है। उन्होंने कहा कि सरकार को रिकॉर्ड बनाने और उनकी बात करने में आनंद आता है, तो उसे इस बात पर भी गर्व होना चाहिए कि एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी उत्तर प्रदेश में है। यह मंडी व्यापारियों के दम पर नहीं, बल्कि किसानों के दम पर एशिया की सबसे बड़ी मंडी बनी है। सरकार को आलू के मुद्दे पर संज्ञान लेना चाहिए, क्योंकि किसानों को बर्बाद करके सरकार को कुछ हासिल नहीं होगा। उन्होंने कहा फर्रुखाबाद में बड़े-बड़े आलू के प्रोसेसिंग प्लांट लगने चाहिए। इस दौरान उन्होंने अन्य कई मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजय कटियार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews