प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में अव्वल है बिहार, सीएम ने कहा- हमने हर तबके के उत्थान को किया काम, जनता की सेवा करना मेरा धर्म

124

प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में अव्वल है बिहार, सीएम ने कहा- हमने हर तबके के उत्थान को किया काम, जनता की सेवा करना मेरा धर्म

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में बिहार देश में अव्वल प्रदेश है। बिहार के प्रति व्यक्ति आय में प्रति वर्ष जितना इजाफा हो रहा है, उतना देश में भी नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि हमने राज्य के हर तबके के उत्थान के लिए काम किया है। जनता की सेवा करना ही मेरा धर्म है। वर्ष 2005 से इस काम में लगा हूं। राज्य में जल्द उद्योग भी बढ़ेंगे, इसके लिए हर जरूरी काम हुए हैं। एक भी काम को हमने छोड़ा नहीं है।

मुख्यमंत्री शनिवार को समाज सुधार अभियान के तहत पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जीविका दीदियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 से ही शराबबंदी के पक्ष में अभियान चलाना हमने शुरू किया था। अप्रैल, 2016 में इसे बहनों की मांग पर लागू किया। उन्होंने कहा कि शराब पीने के पक्षधर कुछ लोग मेरे खिलाफ बोलते रहते हैं। वे खुद को ज्यादा काबिल समझते हैं। जो लोग बापू की बातों और विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट को नहीं मानते, वे अपने साथ देश-दुनिया को बर्बाद कर देंगे। जो शराब के पक्ष में बोलेगा वह गलत ही होगा। 

शराब पीने से 200 तरह की बीमारियां होती हैं। यह बीमार कर देता है और अंतत: आपकी जान ले लेता है। शराबबंदी से राज्य में महिला हिंसा में कमी आई है। आपसी झगड़े कम हुए हैं। शराब पीने वाले आत्महत्या तक करते हैं। शराब के कारण 27 फीसदी सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि समाज सुधार कार्यक्रम अभियान नहीं बल्कि अभियान का हिस्सा है। इस अभियान को निरंतर जारी रखना है। उन्होंने समाज में प्रेम व भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि बिहार सबसे पौराणिक राज्य है। यह सबका है। जात-पात को लेकर विवाद पैदा न करें। प्रेम और भाईचारा का वातावरण बनाएं। मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर लोगों को जागरूक किया।

कोरोना से कुछ दिनों में मुक्ति मिल जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि कुछ दिनों में कोरोना से जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी। पूर्णिया में सात, कटिहार में पांच, अररिया में पांच और किशनगंज में एक भी कोरोना के केस नहीं हैं। अब कोई पाबंदी नहीं है। इसके बाद भी हमें सचेत रहना है। बिहार के विकास में सब लोग सहयोग करें। कहा कि बिहार में जीविका की दस लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह हैं। एक करोड़ 27 लाख से अधिक महिलाएं समूह से जुड़ चुकी हैं। बिहार में जीविका की सक्रियता को देखकर देश में आजीविका नाम दिया गया। 

बिहार पुलिस में सबसे अधिक महिलाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण दिया गया है। बिहार पुलिस में जितनी महिला कर्मी हैं, उतना देश के किसी भी राज्य में नहीं। कई राज्य पुलिस बल के मामले में हमसे आगे हैं। इसके बावजूद बिहार में सबसे अधिक महिला पुलिसकर्मी हैं। ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में भी हमने 50 फीसदी का आरक्षण महिलाओं को दिया है। 

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News