नवंबर में 5 दिन 10 डिग्री से नीचे रहा तापमान, इस बार सुबह-शाम बनेंगे नए रिकॉर्ड, आज भी ठंड से राहत नहीं

98
नवंबर में 5 दिन 10 डिग्री से नीचे रहा तापमान, इस बार सुबह-शाम बनेंगे नए रिकॉर्ड, आज भी ठंड से राहत नहीं

नवंबर में 5 दिन 10 डिग्री से नीचे रहा तापमान, इस बार सुबह-शाम बनेंगे नए रिकॉर्ड, आज भी ठंड से राहत नहीं

नई दिल्ली: नवंबर महीना अपने अंतिम पड़ाव पर है और राजधानी दिल्ली में ठंड ने जोरदार अहसास कराना शुरू कर दिया है। एक्सपर्ट्स की मानें तो इस बार सुबह और शाम नए रिकॉर्ड बनेंगे। अब तक नवंबर के 22 दिनों में 5 दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किए गए हैं। इससे पूर्व 2020 में पूरे नवंबर के दौरान महज छह दिन और 2017 के दौरान आठ दिन तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया था। आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गई है।

आज कैसा रहेगा ठंड का आलम
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध रह सकती है। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास रहेगा। 28 नवंबर तक अधिकतम तापमान 26 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच बने रहेंगे। नवंबर के रेकॉर्ड की बात करें तो 1938 में 28 नवंबर को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं बीते 13 सालों में 2020 में नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा है। यह उस साल 10.2 डिग्री दर्ज हुआ था।

Delhi Winter: कड़ाके की सर्दी के लिए हो जाइए तैयार, इसी महीने पारा पहुंच जाएगा 6 डिग्री
मंगलवार को भी 10 डिग्री के नीचे था न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 33 से 90 प्रतिशत तक बना रहा। राजधानी के अधिकतम तापमान कुछ इलाकों में 26 डिग्री से कम रहे। इनमें पालम का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री, डीयू का 25.8 डिग्री, जाफरपुर का 25.5 डिग्री, मंगेशपुर का 25.2 और मयूर विहार का महज 24.6 डिग्री रहा।

हवाओं ने कम किया प्रदूषण
ठंड के अलावा प्रदूषण भी कंट्रोल स्थिति में है। मंगलवार को राजधानी का एक्यूआई 255 पर आ गया। सोमवार को यह 310 के स्तर पर था। 10 से 15 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवाओं की वजह से प्रदूषण में यह कमी आई। राजधानी में एनएसआईटी द्वारका को छोड़कर ज्यादातर जगहों पर प्रदूषण खराब स्तर पर ही रहा। एनएसआईटी द्वारका में एक्यूआई 352 दर्ज किया गया। अन्य प्रदूषित इलाकों में शादीपुर 296, आर.के पुरम 270, नेहरू नगर 300, सेक्टर-8 द्वारका 280, जहांगीरपुरी 290 और आनंद विहार 299 पर रहे।

आईआईटीएम पुणे के अनुसार, 24 नवंबर तक प्रदूषण खराब स्तर पर रहेगा। इसके बाद 25 नवंबर को यह बेहद खराब स्तर पर जा सकता है। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह बेहद खराब स्तर पर रहेगा। 25 नवंबर को प्रदूषण बढ़ने की वजह हवाओं की गति का कम होना बताया जा रहा है। सफर के अनुसार, पराली प्रदूषण मंगलवार को महज तीन प्रतिशत रहा।

दिल्ली की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News