दुर्गा पूजा में विधि- व्यवस्था के लिए 133 दंडाधिकारियों की तैनाती

42
दुर्गा पूजा में विधि- व्यवस्था के लिए 133 दंडाधिकारियों की तैनाती

दुर्गा पूजा में विधि- व्यवस्था के लिए 133 दंडाधिकारियों की तैनाती


– अधिकारियों का अवकाश किया गया रद्द

– आरा शहरी क्षेत्र में 55 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति

– नगर पंचायत व नगर परिषद समेत ग्रामीण क्षेत्रों में 69 दंडाधिकारी तैनात

– कलेक्ट्रेट में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना

-शहरी क्षेत्र में छह अस्थाई नियंत्रण कक्ष भी खोले गए

– 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति करने का निर्देश

आरा, हमारे संवाददाता।

दुर्गा पूजा में विधि व सुरक्षा व्यवस्था को ले जिले में 133 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही इस अवसर पर असामाजिक तत्वों व अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने व कार्रवाई करने का सख्त आदेश जारी किया गया है। डीएम राजकुमार व एसपी संजय कुमार सिंह ने संयुक्त आदेश जारी किया है। सभी विभागों के अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। आरा शहरी क्षेत्र में 55 दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नगर पंचायत व नगर परिषद समेत ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 69 दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में प्रमुख छह स्थलों पर अस्थाई नियंत्रण कक्ष भी खोले गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभारी पदाधिकारी डीडीसी हरि नारायण पासवान को बनाया गया है। इनके सहयोग के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में अन्य पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला कंट्रोल रूम में 11 सुरक्षित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। दुर्गापूजा पर जिले भर के शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति करने का निर्देश विभाग को जारी किया गया है। प्रतिमा विसर्जन तक ड्यूटी पर तैनात किए गए दंडाधिकारी व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति जारी रहेगी। प्रतिमा का विसर्जन दिन में ही कराए जाने का निर्णय जिला प्रशासन की ओर से लिया गया है। साथ ही इस संबंध में सभी पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश जारी किया गया है।

सभी अधिकारियों का अवकाश रद्द

विशेष परिस्थिति में अवकाश के लिए डीएम – एसपी अधिकारियों को स्वयं उपस्थित होकर आवेदन देना होगा। आवेदन की स्वीकृति के उपरांत ही छुट्टी मिलेगी। बिना छुट्टी स्वीकृत कराए मुख्यालय छोड़ने वाले जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना

कलेक्ट्रेट सभागार में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसका दूरभाष नंबर 06182- 248701 है। टमटम पड़ाव बड़ी चौक, बड़ी मठिया, रमना मैदान, चंदवा मोड़ व धरहरा मोड़ पर अस्थाई नियंत्रण कक्ष कार्य करेगा। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पारियों में ड्यूटी निर्धारित की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करेगा।

शहरी क्षेत्र के लिए नौ गश्ती दल दंडाधिकारी तैनात

आरा शहरी क्षेत्र के लिए नौ गश्ती दल दंडाधिकारी की तैनाती की गई है। इसमें चार पैदल गश्ती दल दंडाधिकारी व पांच वाहन गश्ती दल दंडाधिकारी शामिल हैं। सभी गश्ती दल दंडाधिकारी के लिए अलग-अलग रूट का निर्धारण किया गया है। अपने निर्धारित रूट पर गश्ती दल दंडाधिकारी सशस्त्र बलों के साथ रात्रि में गश्त करते नजर आएंगे।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News