दुनिया 1 मिनट में मिटा देंगे कोई नोटिस लेगा क्या ? सुधाकर प्रकरण में JDU और RJD में तनाव बरकरार, जानिए पूरा मामला
श्रवण कुमार ने कही बड़ी बात
बिहार सरकार के मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी श्रवण कुमार का कहना है कि RJD विधायक पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के बयानों का हम लोग नोटिस नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि जेडीयू क्या, बिहार की जनता भी सुधाकर सिंह के बयान की नोटिस नहीं लेती है। खगड़िया में सुधाकर सिंह के दिए बयान पर श्रवण कुमार ने कहा ऐसे लोगों के बयान पर कौन ध्यान देता है? श्रवण कुमार ने कहा कि हम ही कहें कि दुनिया को एक मिनट में साफ कर देंगे तो इसको कोई नोटिस लेगा क्या? उन्होंने कहा कि नोटिस उसी का लिया जाता है जिसमें कोई दम हो, सच्चाई हो। नीतीश के मंत्री ने यह भी कहा कि हमलोग क्या नोटिस लेंगे, जब जनता ही नोटिस नहीं ले रही तो हम लोग क्या लेंगे।
गलत करने वाले को सजा मिले
श्रवण कुमार ने कहा कि वे 30 साल से विधायक हैं और उन्होंने ऐसे कई काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि जेडीयू का स्टैंड यही है कि जो गलत करने वाले हैं उन्हें सजा मिले। न्याय के साथ विकास में जो बाधा बन रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने सुधाकर सिंह को उनके दिए गए बयानों पर स्पष्टीकरण देने का नोटिस भेज दिया है। श्रवण कुमार ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रीय जनता दल सुधाकर सिंह पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
सुधाकर सिंह के सर पर लालू प्रसाद का हाथ
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि चंद्रशेखर और सुधाकर सिंह के बयान नीतीश कुमार को लगातार कमजोर बना रहे हैं। इन दोनों पर लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव का वरदहस्त है। उन्होंने कहा कि राजद ने पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह को नोटिस देने में 15 दिन देर की और जवाब देने के लिए भी 15 दिन का लंबा समय दे दिया। सुशील कुमार मोदी ने कहा कि आरजेडी की ओर से सुधाकर सिंह को नोटिस भेजना केवल दिखावा पर है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने चंद्रशेखर यादव और सुधाकर सिंह के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आरजेडी का कृपा पात्र बना कर छोड़ दिया है। सुशील मोदी ने यह भी कहा कि रामचरितमानस पर टिप्पणी करने वाले मंत्री के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं कर पाए बेचारे बने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।