दिल्ली को ठंड ने कहा अलविदा, खुशनुमा होगा मौसम लेकिन पलूशन घोल सकता है हवा में जहर, मौसम की ताजा अपडेट

11
दिल्ली को ठंड ने कहा अलविदा, खुशनुमा होगा मौसम लेकिन पलूशन घोल सकता है हवा में जहर, मौसम की ताजा अपडेट

दिल्ली को ठंड ने कहा अलविदा, खुशनुमा होगा मौसम लेकिन पलूशन घोल सकता है हवा में जहर, मौसम की ताजा अपडेट

नई दिल्ली: आमतौर पर जिस तरह का मौसम जनवरी के अंत तक बना हुआ था, उसे देखते हुए इस बार सर्दियां कुछ जल्दी विदा हो गई हैं। अब सर्दियों की वापसी नहीं होगी। वसंत का खुशनुमा मौसम बना रहेगा। अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय गर्म कपड़ों के दिन अब चले गए हैं। सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। स्काईमेट के महेश पलावत ने बताया कि जनवरी के अंत तक संभावना थी कि इस बार सर्दियां देर तक बनी रहेंगी, लेकिन फरवरी का मौसम अचानक बदल रहा है। अभी 15 फरवरी तक तापमान 30 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना नहीं है। इस हफ्ते तापमान 27 डिग्री के आसपास जा सकता है। हालांकि फरवरी के शुरुआती दिनों में यह असामान्य नहीं हैं, लेकिन सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक तापमान चल रहा है। इससे इतर पलूशन के चलते दिल्ली की हवा एक बार फिर खराब हो रही है। अगर ऐसा ही रहा तो ग्रैप का दूसरा चरण लागू करना पड़ सकता है।

सोमवार की तुलना में आज गर्म रहेगा सोमवार
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 37 से 88 डिग्री तक रहा। राजधानी की दो जगहों पर तापमान 27 डिग्री के स्तर को पार कर गया है। पीतमपुरा का अधिकतम तापमान 27.5 और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 27.7 डिग्री रहा। अब सोमवार रविवार की तुलना में काफी गर्म रह सकता है। आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रह सकता है।

7 और 8 फरवरी को तेज ठंडी हवाओं की वजह से तापमान बढ़ने का सिलसिला थमेगा। इन दो दिनों के दौरान हवाओं की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है। अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 9 से 11 फरवरी तक अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 11 से 12 डिग्री तक रहेगा। मौसम 11 फरवरी तक आरामदायक बना रहेगा।

15 फरवरी तक नहीं है बारिश की संभावना
स्काईमेट के अनुसार 15 फरवरी तक तापमान के 30 डिग्री के स्तर को छूने की संभावना नहीं हैं। न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री से अधिक रहेगा। फरवरी में किसी प्रभावी मौसमी प्रणाली के अभाव में राजधानी में बारिश की संभावना 15 फरवरी तक नहीं है। दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालय तक पहुंच रहा है। इसमें 5 और 6 फरवरी को पहला और 9 से 11 फरवरी के बीच दूसरा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होगा। लेकिन यह कमजोर होंगे और राजधानी में इनका असर नहीं दिखाई देगा। वहीं, मौसम एक्सपर्ट नवदीप दहिया ने बताया कि सर्दियां जल्दी विदा हो गई हैं। इस बार वसंत के भी पिछले साल की तरह छोटा होने के आसार हैं।

खराब हुई हवा, फिर लागू हो सकता है ग्रैप-2
पिछले कुछ दिनों से पूर्वानुमान था कि प्रदूषण अब अंतिम दौर में हैं। यह सामान्य स्थिति में ही बना रहेगा, लेकिन रविवार को इसमें बदलाव कर दिया गया है। नए पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन प्रदूषण बेहद खराब स्तर में रह सकता है। ऐसे में ग्रैप-2 को एक बार फिर लागू किया जा सकता है। इतना ही नहीं पूर्वानुमान बता रहा है कि हवा अब कई दिनों तक मानकों से अधिक प्रदूषित रहेगी।

अधिकारियों के अनुसार सर्दियों में बारिश नहीं हो रही है। नवंबर, दिसंबर पूरी तरह शुष्क रहे। जनवरी में महज एक दिन बारिश हुई। जबकि फरवरी में अभी तक बारिश नहीं हुई है। इसी वजह से मिट्टी काफी शुष्क है। अब तापमान भी बढ़ रहा है। ऐसे में हवाओं के साथ मिट्टी काफी दूर तक उड़ रही है। इसी वजह से प्रदूषण बढ़ रहा है। सर्दियों की बारिश मिट्टी में नमी को बनाए रखती है। जिसकी वजह से मिट्टी भारी हो जाती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।

पिछले 3 दिनों से खराब बना हुआ है प्रदूषण का स्तर
सीपीसीबी (सेंट्रल पल्युशन कंट्रोल बोर्ड) के एयर बुलेटिन के अनुसार रविवार को प्रदूषण का स्तर खराब रहा। यह पिछले तीन दिनों से खराब बना हुआ है। कुछ जगहों पर यह सामान्य और दो जगहों पर बेहद खराब स्तर पर भी रहा। अब अगले दो दिन 6 व 7 फरवरी को यह बेहद खराब रह सकता है। इसके बाद इसमें फिर कमी आएगी। 8 फरवरी को यह एक बार फिर खराब स्तर पर पहुंच जाएगा। इसके बाद भी अगले छह दिनों तक यह खराब स्थिति में ही रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 6 फरवरी को हवाएं कमजोर हो जाएंगी। इनकी गति महज 4 से 8 किलोमीटर के आसपास की होगी। 7 फरवरी दोपहर के बाद से हवाएं बढ़ेगी।

दिल्ली की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News