तीन बार घोड़ी से नीचे गिरा दूल्हा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बोली-मैं जिंदगी भर कुंवारी रह लूंगी पर इससे शादी नहीं करूंगी

371


तीन बार घोड़ी से नीचे गिरा दूल्हा, दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बोली-मैं जिंदगी भर कुंवारी रह लूंगी पर इससे शादी नहीं करूंगी

मैं जिंदगी भर कुँवारी रह लूंगी पर नशे की हालत में तीन-तीन बार घोड़ी से गिर रहे इस दूल्हे से शादी न करूंगी। कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात चल रहे शादी समारोह में दुल्हन ने स्टेज पर जब यह बोला तो सभी भौचक्के रह गए। लोगों ने काफी मिन्नतें की, पर दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई और दिन भर पंचायत चलती रही। बात न बनने पर मामला थाने पहुंचा जहां दोनों पक्षों ने एक दूसरे का सामान वापस कर समझौता कर लिया और बारात लौट गई।

कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने अपनी बहन की शादी वीरेंद्र उर्फ ईलू निवासी ग्राम खिल्ली मढ़ौरा थाना मोठ जिला झांसी के साथ तय की थी। तय तारीख पर 30 जून बुधवार रात को बारात आई और शादी का जश्न चल रहा था। दुल्हन भी स्टेज पर आ चुकी थी और जैसे ही दूल्हे ने घोड़ी पर शादी समारोह स्थल पर प्रवेश किया तो वह एक बार नहीं बल्कि तीन बार घोड़ी से गिर गया। जब दुल्हन पक्ष के लोगों ने उसे उठाया तो उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। यह सब नजारा स्टेज पर खड़ी दुल्हन देख रही थी। दूल्हे का यह रूप उसे रास नहीं आया और उसने साफ लफ्जों में मौजूद लोगों से कहा कि मैं जिंदगी भर कुँवारी रह लूंगी पर इस दूल्हे से शादी नहीं करूंगी।

दुल्हन की यह बात सुनकर वहां मौजूद सभी लोगों के होश उड़ गए। पहले तो उसके परिजनों ने उसे काफी समझाया बुझाया पर वह राजी न हुई फिर दुल्हन की बात परिजनों को समझ आ गई तो उन लोगों ने भी शादी से इंकार कर दिया। पूरी रात और दिन भर दुल्हन और दूल्हा पक्ष में विवाद होता रहा। मामला कुठौंद थाने पहुंचा जहां दुल्हन के भाई ने दूल्हा और उसके घरवालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की । इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लड़का पक्ष ने मोटरसाइकिल सहित जो भी सामान मिला था, उसे वापस कर दिया और लड़की पक्ष ने भी जेवर लौटा दिए। 

बोले  थानाध्यक्ष 
कुठौंद थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। पहले तो उन्होंने भी शादी हो जाने पर जोर दिया पर जब मामले की हकीकत सामने आई तो वह दुल्हन की बात को सही मानते हुए दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया। दोनों पक्ष ने एक दूसरे के सामान वापस कर दिया। 



Source link