जानिए प्लास्टिक के झोला में मिले 11.66 लाख रुपये का ‘राज’, पश्चिम बंगाल से मंगाया… बिहार में थी खपाने की तैयारी

178
जानिए प्लास्टिक के झोला में मिले 11.66 लाख रुपये का ‘राज’, पश्चिम बंगाल से मंगाया… बिहार में थी खपाने की तैयारी

जानिए प्लास्टिक के झोला में मिले 11.66 लाख रुपये का ‘राज’, पश्चिम बंगाल से मंगाया… बिहार में थी खपाने की तैयारी

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी में जाली नोट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। एक मामले के तह तक पहुंचने की कोशिश पुलिस करती है, तब तक दूसरा मामला सामने आ जाता है। ताजा मामला जिले के नानपुर थाना क्षेत्र का है। स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भारतीय जाली नोट के बड़े खेप के साथ दो लोगों को पकड़ा है। इसकी पुष्टि करते एसपी हर किशोर राय ने बताया कि गिरफ्तार जाली नोट के इन दोनों धंधेबाजों से कड़ी पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जाली नोट 11.66 लाख से अधिक है।

पुलिस की जाल में फंसे धंधेबाज
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक से भारतीय जाली नोट का एक बड़ा खेप लेकर नानपुर थाना क्षेत्र के खड़का बसंत गांव में पहुंचने वाले हैं। खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। एसपी ने तुरंत पुलिस टीम का गठन किया और जाली नोट के खेप के साथ दोनों युवकों को दबोचने के मिशन पर लगा दिया। पुलिस की टीम खड़का बसंत गांव जाने वाली सभी सड़कों को घेराबंदी कर मुस्तैद हो गई। पुलिस की एक टीम मझौर और हरिनगर गांव के बीच में सड़क पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक से दो युवक पहुंचे। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवार भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया गया।

प्लास्टिक के झोला में मिला जाली नोट
पुलिस ने दोनों युवकों से मिले प्लास्टिक के झोला की जांच की, तो 11 लाख 66 हजार 750 रुपये जाली नोट बरामद हुआ। सभी रुपये भारतीय हैं। युवकों की पहचान दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के रेवधा गांव के सफायद के पुत्र वसीर मियां के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि दोनों धंधेबाजों ने पश्चिम बंगाल से जाली नोट मंगवाने की बात कही है। बताया कि बरामद सभी नोट 2000, 500, 200, 100 और 50 के हैं।

प्राथमिकी दर्ज कर भेजा गया जेल
एसपी ने बताया है कि जाली नोट के धंधेबाजों से एक बाइक एवं छह मोबाइल भी बरामद हुआ है। छापेमारी में डीएसपी ( मुख्यालय ) राम कृष्णा, नानपुर थानाध्यक्ष राकेश रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार राम समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला में यह पहली बार है कि जाली नोट का इतना बड़ा खेप पुलिस को हाथ लगा है। जाली नोटों की बरामदगी का यह मामला जिला पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

तीन दिन पूर्व भी जब्त हुआ था जाली नोट
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व ही सोनबरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत फरछहिया गांव स्थित पेट्रोल पंप से दो युवकों को जाली 17 हजार नेपाली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों की पहचान जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के विशनपुर आधार गांव का फैज एवं विजय कुमार के रूप में हुई थी। इन दोनों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। उक्त दोनों युवकों को पेट्रोल लेकर एक हजार का एक नेपाली जाली नोट देते नोजलमैन ने पकड़ा था। गत माह मेजरगंज और सहियारा थाना पुलिस ने भी चार युवकों को जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया था।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News