कौन हैं कर्पूरी ठाकुर? पीएम नरेंद्र मोदी के सामने तेजस्वी यादव ने जिनको भारत रत्न देने की रखी मांग

72
कौन हैं कर्पूरी ठाकुर? पीएम नरेंद्र मोदी के सामने तेजस्वी यादव ने जिनको भारत रत्न देने की रखी मांग

कौन हैं कर्पूरी ठाकुर? पीएम नरेंद्र मोदी के सामने तेजस्वी यादव ने जिनको भारत रत्न देने की रखी मांग

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पटना में बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह के कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी के सामने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग रखी। यह पहली बार नहीं है जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठी है। इससे पहले भी कई बार विधानसभा से लेकर राज्यसभा और लोकसभा में उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग उठ चुकी है। आइए जानते हैं कि कर्पूरी ठाकुर कौन हैं…

कर्पूरी ठाकुर का जन्म समस्तीपुर जिले के पितौंझिया गांव में साल 1924 हुआ था। बाद में इस गांव का नाम कर्पूरीग्राम पड़ गया। उनके पिता एक किसान थे और नाई का काम भी करते थे। कर्पूरी ठाकुर ने अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में हिस्सा लिया था और जेल भी गए थे। आजादी के बाद वे कई बार विधायक बने। उन्होंने 1952 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता और उसके बाद कभी नहीं हारे।

सत्ता में रहते लिए कई अहम फैसले

कर्पूरी ठाकुर को जननायक के रूप में जाना जाता है। वे दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा एक बार डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष का पद भी संभाला। कर्पूरी ठाकुर बिहार के पहले गैर-कांग्रेस मुख्यमंत्री भी बने। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनता के हित में कई अहम फैसले लिए। उन्होंने शिक्षा में अंग्रेजी भाषा की अनिवायर्ता खत्म की। मालगुजारी टैक्स को खत्म किया। कक्षा 8 तक की शिक्षा मुफ्त कर दी। साथ ही एससी-एसटी के साथ ओबीसी के लिए आरक्षण लागू किया। 

पीएम नरेंद्र मोदी के सामने तेजस्वी यादव ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने समेत बिहार के लिए रखी 2 मांगें

देश में आपातकाल के दौरान कर्पूरी ठाकुर अंडरग्राउंड हो गए थे। फिर जेपी आंदोलन के दौरान अचानक वे सार्वजनिक मंच पर दिखाई दिए। उन्हें जय प्रकाश नारायण का करीबी माना जाता था।  बिहार सीएम नीतीश कुमार, आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, दिवंगत रामविलास पासवान समेत बिहार के सभी बड़े नेता कर्पूरी ठाकुर को अपना राजनीतिक गुरु मानते थे। 17 फरवरी को 1988 को कर्पूरी का आकस्मिक निधन हो गया।

कई बार उठ चुकी है कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग कई बार उठ चुकी है। संसद में आरजेडी और जेडीयू के सांसदों ने कई बार उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी केंद्र सरकार को कई बार इस संबंध में प्रस्ताव भेजा। हालांकि अभी तक केंद्र की ओर से इस पर विचार नहीं किया गया है। तेजस्वी यादव के संबोधन से एक बार फिर कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग तेज हो गई है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News