कांग्रेस के अलावा छोटी पार्टियों के ज्यादातर वोट हुए ‘आप’ में शिफ्ट, 5 साल में ऐसा बदला समीकरण
किसका वोट कहां खिसका
इस चुनाव में कांग्रेस के वोट शेयर 9.41 प्रतिशत कम हुए, वहीं इंडिपेंडेंट और बीएसपी के वोट शेयर मिलाकर पिछले चुनाव की तुलना में 7.62 प्रतिशत वोट कम हुए। कांग्रेस व इंडिपेडेंट और बीएसपी मिलाकर इनका कुल 17.04 प्रतिशत वोट शेयर कम हो गया। वहीं इंडियन नैशनल लोक दल, जेडीयू, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल के वोट में भी कमी आई है। निगम के इस चुनाव में बीजेपी का लगभग 3 प्रतिशत और आप का 15 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ा है, यानी 18 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। जबकि कांग्रेस, इंडिपेडेंट और बीएसपी को मिलाकर कम हुए 17.04 प्रतिशत वोट का कहीं न कहीं अधिकांश शेयर आप में ही गया है, क्योंकि बीजेपी का केवल 3 प्रतिशत वोट बढ़ा है और बाकी 14 पर्सेंट केवल आप में ही गया होगा, क्योंकि आप का वोट पर्सेंट 15% बढ़ा है।
कांग्रेस, निर्दलीय, बीएसपी, एसपी व अन्य छोटी पार्टियों के वोट शेयर में कमी और आप के वोट शेयर में बढ़ा इजाफा यह संकेत दे रहा है कि दिल्ली में कांग्रेस व अन्य छोटी पार्टियों का वोट आप में शिफ्ट हुआ जिसकी वजह से पार्टी को इतनी बड़ी जीत मिली है। दिल्ली की अधिकांश पिछड़ा और अति पिछड़ा सीटों पर आप का कब्जा हुआ और पार्टी ने 15 साल से काबिज बीजेपी को सत्ता से बाहर कर दिया।
2017 में वोट शेयर
पार्टी | वोट | प्रतिशत |
बीजेपी | 25,75,116 | 36.08 |
आप | 18,71,964 | 26.23 |
कांग्रेस | 15,04,964 | 21.09 |
2022 में वोट शेयर
वोट | प्रतिशत | |
बीजेपी | 28,67,472 | 39.09 |
आप | 30,84,957 | 42.05 |
कांग्रेस | 8,56,593 | 11.68 |
दोनों चुनाव में तुलनात्मक अंतर
- बीजेपी को 2,92,356 ज्यादा वोट मिले और वोट शेयर में 3.01 प्रतिशत का इजाफा हुआ, लेकिन 77 सीटें कम हो गईं
- आप को पिछले चुनाव से 12,12,992 ज्यादा वोट मिले और 15.82 प्रतिशत वोट शेयर का इजाफा हुआ, 86 सीटें बढ़ गईं
- कांग्रेस के वोट में 6,48,371 की कमी हुई और कुल वोट शेयर में 9.41 प्रतिशत गिरावट दर्ज हुई और 21 सीटें कम हो गईं
- 2017 में कुल वोट- 71,36,863
- 2022 में कुल वोट – 73,35,825
- इस बार चुनाव में 1,98,962 वोट ज्यादा पड़े हैं