आंधी में बदहाल हुआ महाकाल लोक, टूटकर गिरी मूर्तियां

14
आंधी में बदहाल हुआ महाकाल लोक, टूटकर गिरी मूर्तियां

आंधी में बदहाल हुआ महाकाल लोक, टूटकर गिरी मूर्तियां

एमपी के उज्जैन में रविवार को आई तेज आंधी में महाकाल लोक में लगी सप्तऋषि की छह मूर्तियां ढह गईं। करीब आठ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका लोकार्पण किया था, लेकिन एक ही आंधी में महाकाल लोक के गलियारे में लगी मूर्तियां धराशायी हो गईं। विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इसके निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

 

हाइलाइट्स

  • रविवार को आई आंधी में महाकाल लोक की छह मूर्तियां धराशायी
  • आंधी के बाद बिखरे पड़े मिले मूर्तियों के टुकड़े
  • 351 करोड़ की लागत से हुआ महाकाल लोक के पहले चरण का निर्माण
उज्जैनः करीब एक साल पहले की बात है। बिहार के भागलपुर जिले में तेज आंधी में पुल का एक हिस्सा उड़ गया था। भागलपुर और खगड़िया जिले को जोड़ने के लिए 1710 करोड़ की लागत से चार लेन के पुल का निर्माण किया जा रहा था। तेज आंधी में इसका एक हिस्सा ढह गया था। इस पुल को बिहार सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता था। पुल के ढहने से इसके निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की बातें खुलकर सामने आ गई थीं। अब ऐसा ही मामला मध्य प्रदेश के उज्जैन से सामने आया है।

आंधी में हुआ बुरा हाल

रविवार को एमपी के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई। उज्जैन में भी तेज गति से हवाएं चलीं। आंधी में महाकाल लोक में सप्तऋषि की मूर्तियां धराशायी हो गईं। आंधी के बाद मूर्तियों के टुकड़े यहां-वहां गिरे मिले। लोकार्पण के आठ महीने के भीतर मूर्तियों की ये हालत होने से महाकाल लोक के निर्माण पर सवाल उठ रहे हैं।

पीएम मोदी ने किया था लोकार्पण

महाकाल लोक का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। करीब आठ महीने पहले उन्होंने खुद इसका लोकार्पण किया था। 856 करोड़ रुपये की लागत से महाकाल लोक का निर्माण किया जा रहा है। इसके पहलेचरण के निर्माण पर 351 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। रविवार को आंधी में छह मूर्तियां धराशायी हो गईं। इसको लेकर विपक्षी कांग्रेस पार्टी प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साध रही है।

कांग्रेस ने साधा निशाना

कांग्रेस के नेताओं ने कहा है कि बीजेपी सरकार ने लोकार्पण में जल्दबाजी की। सरकार के दबाव के चलते ठेकेदार ने जैसे-तैसे घटिया निर्माण कर दिया। इसी का नतीजा है कि एक ही आंधी में महाकाल लोक की ये हालत हो गई।

सीएम ने भ्रम फैलाने का लगाया आरोप

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इन आरोपों का जवाब दिया है। कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि महाकाल लोक में 155 मूजर्तियां लगी हैं। इनमें से केवल छह टूटी हैं। डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के तहत कॉन्ट्रैक्टर नई मूर्तियां लगाएगा।

लोकायुक्त में दर्ज है मामला

महाकाल लोक के निर्माण के समय से ही इस पर तरह-तरह के आरोप लग रहे हैं। इस मामले में लोकायुक्त ने केस भी दर्ज किया है। घटिया निर्माण को लेकर उज्जैन के तत्कालीन कलेक्टर और कुछ अन्य अधिकारियों को नोटिस भी जारी किया गया था।

ठेकेदार लगाएगा नई मूर्तियां

अच्छी बात यह है कि पहले पांच साल तक महाकाल लोक के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी ठेकेदार की है। टूटी हुई मूर्तियों की जगह नई मूर्तियां ठेकेदार को ही लगानी होगी। लेकिन सवाल है कि घटिया निर्माण के लिए उसके खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

आसपास के शहरों की खबरें

Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप

लेटेस्ट न्यूज़ से अपडेट रहने के लिए NBT फेसबुकपेज लाइक करें

उमध्यप्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News