अयोध्या दिवस पर काले कपड़ों में प्रदर्शन राम भक्तों का अपमान, माफी मांगे कांग्रेस… विरोध पर भड़के योगी-शाह

165
अयोध्या दिवस पर काले कपड़ों में प्रदर्शन राम भक्तों का अपमान, माफी मांगे कांग्रेस… विरोध पर भड़के योगी-शाह

अयोध्या दिवस पर काले कपड़ों में प्रदर्शन राम भक्तों का अपमान, माफी मांगे कांग्रेस… विरोध पर भड़के योगी-शाह

लखनऊः महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस के व्यापक विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या दिवस के दिन कांग्रेस का यह प्रदर्शन निंदनीय है। कांग्रेस के लोगों ने काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। यह राम भक्तों का अपमान है और इसके लिए उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। योगी के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईडी और महंगाई तो सिर्फ बहाने हैं। श्रीराम जन्मभूमि के शिलान्यास और भव्य राम मंदिर निर्माण के प्रति अपना विरोध जताने के लिए कांग्रेस नेताओं ने 5 अगस्त को काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने शुक्रवार को देश भर में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेताओं को हिरासत में भी ले लिया गया। वहीं प्रदेश के हर जिले में कांग्रेस की स्थानीय ईकाईयों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने जेल भी भेजा। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से बौखलाई भारतीय जनता पार्टी ने उस पर राम भक्तों के अपमान का आरोप लगाना शुरू कर दिया है। मोर्चा अमित शाह और योगी आदित्यनाथ जैसे बड़े नेताओं ने संभाला है।

5 अगस्त को राम मंदिर का शिलान्यास
दरअसल, 5 अगस्त के दिन ही उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का शिलान्यास किया था। ऐसे में इस दिन कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा करते हुए शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या दिवस के दिन कांग्रेस का प्रदर्शन निंदनीय है। कांग्रेस का प्रदर्शन रामभक्तों का अपमान है। इन लोगों (कांग्रेसियों) ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।

अमित शाह ने भी साधा निशाना
सिर्फ योगी ने नहीं, बल्कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ईडी और महंगाई तो सिर्फ बहाने हैं। श्रीराम जन्मभूमि के शिलान्यास और भव्य राम मंदिर निर्माण के प्रति अपना विरोध जताने के लिए कांग्रेस नेताओं ने आज 5 अगस्त को काले कपड़े पहन कर विरोध प्रदर्शन किया। अमित शाह ने कहा कि इस संसद सत्र की शुरूआत से ही कांग्रेस ईडी और महंगाई को लेकर विरोध कर रही है। प्रदर्शन कर रही है तो आज भी करते। सामान्य कपड़ों में करते लेकिन आज कांग्रेस के बड़े से बड़े नेता से लेकर छोटे से छोटे कार्यकर्ता तक, सब काले कपड़े पहन कर आए थे।

राम मंदिर के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं कियाः शाह
शाह ने कहा कि आज ही के दिन, 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र श्रीराम जन्मभूमि पर भूमि पूजन किया था और अब वहां भव्य राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। साढ़े पांच सौ साल से यह समस्या अधर में लटकी हुई थी। आजादी के बाद, ज्यादातर सत्ता में रहने वाली कांग्रेस ने समस्या के समाधान के लिए कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शांतिपूर्ण तरीके से समस्या का समाधान भी निकाला और बड़ी श्रद्धा और गौरव के साथ करोड़ों लोगों की श्रद्धा के केंद्र श्रीराम जन्मभूमि का शिलान्यास किया और आज उसी का पवित्र दिन है।

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस में खुलकर यह कहने की हिम्मत नहीं हैं लेकिन आज भी कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति जारी है। आज सारे कांग्रेसियों ने काले कपड़े पहनकर यह संदेश दिया कि वो भव्य राम मंदिर के शिलान्यास और निर्माण, दोनों का विरोध कर रहे हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News