अंजड़ में वाहन-बाइक की भिड़ंत, मजदूर ICU में भर्ती: राहगीर योजना की राशि को लेकर दो युवकों में विवाद; बोले-लाभ हमें मिले – Barwani News h3>
बड़वानी में बुधवार देर रात अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेहगांव डेब में लोडिंग वाहन और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दवाना निवासी सुनील पिता फत्तु गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को अस्पताल पहुंचाने को लेकर दो युवकों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। यह मामला ‘राहगीर योजना’ के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को लेकर चर्चा में है। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं पहुंची। इसके बाद घायल को निजी संसाधनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहगीर योजना का लाभ मिलने पर विवाद घायल को अस्पताल पहुंचाने का दावा करने वाले विकास पटेल ने बताया कि वे खरगोन की ओर से आ रहे थे। रास्ते में घायल युवक को देखकर उन्होंने अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया और उसे भर्ती करवाया। उन्होंने ‘राहगीर योजना’ का लाभ मिलने की बात कही। वहीं, सेमल्दा निवासी विकास कुशवाह ने दावा किया कि हादसे के बाद सबसे पहले वहीं घायल के पास पहुंचे थे। उन्होंने ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी थी। एंबुलेंस न पहुंचने पर उन्होंने निजी वाहन रुकवाकर घायल को अस्पताल भेजा। कुशवाह ने भी ‘राहगीर योजना’ का लाभ खुद को दिए जाने की मांग की है। इस घटना के बाद ‘राहगीर योजना’ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इस योजना के तहत, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को सरकार की ओर से 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। दोनों युवकों के बीच इस योजना के लाभ को लेकर विवाद भी हुआ। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है और प्रोत्साहन राशि किसे दी जाती है। टीआई बोले-घायल के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट होगी शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि सड़क हादसे में घायल दवाना निवासी सुनील पिता फत्तू का बड़वानी अस्पताल में इलाज जारी है। दो युवक घायल को जिला अस्पताल लाने का दावा कर रहे हैं। दोनों के दावे कोई मायने नहीं रखते। पुलिस घायल के बयान लेगी और घायल युवक ही बताएगा उसे कौन लेकर आया और किसने उसकी मदत की उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएंगी।