हथियारों से लैस लुटेरों ने रिटायर्ड इंजीनियर के घर में की भीषण डकैती

6
हथियारों से लैस लुटेरों ने रिटायर्ड इंजीनियर के घर में की भीषण डकैती

हथियारों से लैस लुटेरों ने रिटायर्ड इंजीनियर के घर में की भीषण डकैती


ऐप पर पढ़ें

मंसूरचक, निज संवाददाता। थाना क्षेत्र के बीरगंज गांव में मंगलवार की देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने एक रिटायर इंजीनियर के घर में धावा बोलकर गहने व नकद समेत करीब 10 लाख से अधिक की संपत्ति लूट ली। लुटेरों ने स्थानीय निवासी सेवानिवृत अभियंता रामपुकार महतो व उनकी पत्नी पुकारी देवी के हाथ- पैर बांधकर इस भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है।
पीड़ित अभियंता ने बताया कि हर रोज की भांति वे मंगलवार की रात खाना खाकर अपने घर में सोए हुए थे। रात्रि करीब 1:00 बजे कुल चार की संख्या में हथियारों से लैस लुटेरे उनके घर की उत्तर की तरफ के ग्रिल का ताला तोड़कर कमरे में आ पहुंचे। लुटेरों ने उन्हें जगाते हुए उनके कनपटी में पिस्तौल सटाकर घर में रखे गमछा व अन्य कपड़ों से उनके हाथ- पैर बांध दिए। घर के भीतर दूसरे कमरे में सो रही उसकी पत्नी को भी लुटेरों ने कब्जे में लेकर घर में रखे बक्से व अलमीरा खुलवाया। तनिक भी कुछ बोलने पर सभी बदमाश पिस्तौल तानकर उनकी जान ले लेने की बात कहने लगते थे। सभी लुटेरे लगभग दो घंटे तक सभी कमरे की अलमारी व कमरे में रखे बक्से को तोड़फोड़ कर लूटपाट करते रहे। लूटपाट करने के दौरान सभी लुटेरे स्थानीय ठेठ भाषा में उनसे बात करते हुए कह रहा था कि- शिक्षक आ दारोगा कय नौकरी नै भेलै तअ आब इहे सब ना कैर कय जीबै।

पीड़ित अभियंता ने बताया कि सभी लुटेरे अपने चेहरे को कपड़े से ढके हुए थे। सभी जींस पैंट व जैकेट पहने हुए थे। उन्होंने लुटेरों की उम्र करीब 20 से 25 के आसपास बताया है। पीड़ित अभियंता ने लूटपाट की इस घटना में नगदी व जेवरात सहित करीब 10 लाख से अधिक की संपत्ति की लूट होने की बात कही है। पीड़ित ने बताया कि लूटकांड को अंजाम देने के बाद सभी लुटेरे उन्हें घर के भीतर हाथ- पैर बंधे की हालत में छोड़ पांव- पैदल ही बाहर की तरफ तेजी से निकल गए। लुटेरों के जाने के बाद अभियंता की पत्नी के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब उनके घर पहुंचे तो हालत देख हतप्रभ रह गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना मंसूरचक थाने को दी।

सुबह चार बजे घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

सुबह करीब 4:00 बजे मंसूरचक थानाध्यक्ष अवंती कुमारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया। उन्होंने इस लूटकांड से वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की सूचना पाकर एसपी योगेंद्र कुमार व तेघड़ा डीएसपी डॉ रविंद्र मोहन प्रसाद समेत कई पुलिस अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन पड़ताल की।

लूट कांड के पीड़ित अभियंता के दो पुत्र बाहर रहकर करते हैं नौकरी

मंसूरचक, निज संवाददाता। लूट कांड के पीड़ित बीरगंज निवासी राम पुकार महतो जल संसाधन विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वे वर्ष 2018 में झारखंड के कोडरमा से रिटायर हुए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद से वे अपनी पत्नी के साथ अपने घर पर ही रह रहे हैं। दोनों के सिवा परिवार के अन्य कोई सदस्य घर पर नहीं रहते हैं। उनके दो पुत्रों में बड़ा पुत्र धनबाद में रेल ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं छोटा पुत्र सरैयाहाट झारखंड में बैंक कर्मचारी हैं। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि मंसूरचक बीरगंज सघन आबादी वाला इलाका है। इस गांव में डकैती की ऐसी घटना पहली बार हुई है। इस घटना से ग्रामीण दहशत में हैं।

कहते हैं अधिकारी

हथियारों से लैस कुल चार नकाबपोश अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। सभी अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है। मामले के उद्भेदन को पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही सभी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

-योगेंद्र कुमार, एसपी बेगूसराय।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News