संविधान बचाओ रैली में कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला: डोटासरा बोले- संवैधानिक संस्थाओं का हो रहा दुरुपयोग, पार्टी नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसा रहे – Baran News h3>
कांग्रेस जिला कमेटी बारां द्वारा ‘संविधान बचाओ’ रैली का आयोजन किया गया।
कांग्रेस जिला कमेटी बारां द्वारा ‘संविधान बचाओ’ रैली का आयोजन किया गया। जिसमें कोटा, बूंदी, झालावाड़ सहित हाड़ौती क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। भारी बारिश के बावजूद उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष
.
डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संविधान और लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। डोटासरा ने बारां एसपी द्वारा कांग्रेस नेता प्रमोद जैन भाया को निशाना बनाने पर चेतावनी दी कि कांग्रेस अपने नेता के साथ है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय दोगुनी करने, विदेश नीति ठीेक करने, एक के बदले 10 सिर लाने जैसे कई मुद्दो पर पूरी तरह विफल हो चुके हैं।
उन्होंने केवल संविधान, लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य किया है। उन्हें देश के नौजवानों, बेरोजगारों, किसानों, व्यापारियों की चिन्ता नहीं है। जब पहली बार मोदी की सरकार बनी तक उन्होंने भूमि अधिग्रहण कानून को बदलकर अडाणी, अम्बानी को जमीने देने की साजिश रची। जब दूसरी बार सरकार बनी तो 3 काले कानून बनाने का कार्य किया, जिसके कारण किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ा। ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है।
प्रदेश में डेढ साल भाजपा सरकार को बने हुए हो गए, लेकिन किसान, नौजवान परेशान है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। डोटासरा ने कहा कि कोई भी भाजपा नेता या अधिकारी प्रमोद जैन भाया की तरफ आंख उठाकर देखेगा तो हम ईंट से ईट बजा देंगे। कांग्रेस पार्टी निर्दोष प्रमोद जैन भाया के साथ है। बारां जिला एसपी के पास केवल 7 महीने के मेहमान हैं और बात करते हैं प्रमोद जैन भाया को जेल में डालने की। यदि किसी कार्यकर्ता ने गलत किया है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई करें। कोई भी अधिकारी भाजपा का पिट्टू बनकर यदि कार्य करता है तो हम उसे बता देंगे कि कांग्रेस क्या चीज है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि भाजपा विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल कर रही है। आज जो हालात प्रमोद जैन भाया के साथ हो रहे हैं, वही हालात पूरे देश के अन्दर इन दिनों हो रहे है। राहुल गांधी जी ने भारत जोड़ो यात्रा की, उनके पिताजी राजीव गांधी जी को बम से उड़ा दिया, उनकी दादी इंदिरा गांधी के सीने पर गोलियां दागकर छलनी कर दिया और उसी परिवार के व्यक्ति को 56 घण्टे तक ईडी पूछताछ के लिए बुलाती है।
भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है। हम सभी नेताओं पर मुकदमे दर्ज हैं। भाजपा कितनी ही ताकत लगा ले हम डरने वाले नहीं हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में उप जिला प्रमुख का चुनाव नहीं करवाया जा रहा है। झूठी शिकायतें कर जनप्रतिनिधियों को हटाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे झूठे हैं और भाजपा नेता व अधिकारी साजिश कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर फर्जी सबूत गढ़ने का आरोप लगाया और कहा कि जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। चुनाव होते रहते हैं, इसमें हार-जीत होती है, लेकिन विरोधी दुश्मन नहीं होता। उन्होंने कहा कि कंवरलाल मीणा की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और उसी की देन है कि उन पर एवं साथी कांग्रेस पदाधिकारियों पर झूठे मुकदमें दर्ज हुए।
अधिकारियों द्वारा झूठे मुकदमे लगकर डराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हम डरने वाले नहीं है। शाहबाद पंचायत समिति के उप प्रधान कौशल राठौर को 7 साल पुराना केस बताकर मुकदमा दर्ज किया और इस मुकदमे में उनसे 7 साल पुराने नोट बरामद किए। आश्चर्य की बात तो यह है कि पुलिस ने जो नोट बरामद किए वह उस समय छपे ही नहीं थे। वर्ष 2014 से जिला कलेक्टर व जिला पुलिस अधीक्षक के घर, ऑफिस से केवल 700 मीटर की दूरी पर मिट्टी का खनन हो रहा है और यह खनन अभी भी जारी है इसके लिए गूगल रिपोर्ट देख सकते हैं।
जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि संविधान की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं और आम जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। विधायक अशोक चांदना, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल व लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल सहित कई नेताओं ने भाजपा सरकार को लोकतंत्र विरोधी बताया और कहा कि कांग्रेस संविधान और गरीबों की लड़ाई लड़ती रहेगी। इस कार्यक्रम में हाड़ौती संभाग के सभी प्रमुख कांग्रेस नेता, विधायक, पूर्व विधायक, जिला व ब्लॉक अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।