‘शादी के लिए जिद नहीं करती, तो जिंदा होती बेटी’: पिता बोले- अब फादर्स डे का वीडियो देख काट रहे दिन; नर्सिंग छात्रा के सुसाइड में पति गिरफ्तार – Itarsi News h3>
अब फादर्स डे पर निकिता ने पिता के साथ ये वीडियो बनाया था।
आपने ऊपर लगा वीडियो देखा? करीब आठ साल पहले टिकटॉक पर शेयर ये वीडियो इटारसी के एक पिता-पुत्री का है। दोनों बहुत खुश हैं।
.
लेकिन, वीडियो में दिख रही लड़की निकिता अब जिंदा नहीं है। उसने इसी 25 अप्रैल को सुसाइड किया है। उसकी जाति छोटी थी। उसे प्यार ऊंची जाति के लड़के से हुआ। दोनों ने जात-पात का बंधन तोड़ एक साल पहले शादी रचा ली थी।
निकिता के परिवारवालों का आरोप है कि बेटी ने आत्महत्या नहीं की, उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने घटना के 15 दिन बाद रविवार को उसके पति आकाश जैन को गिरफ्तार किया है। एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया आकाश पर पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप है। बेटी को खोने वाले माता-पिता और दादी को न्याय की आस बंधी है।
दैनिक भास्कर की टीम मामले की तह तक जानने के लिए इटारसी से करीब 15 किलोमीटर दूर तरोंदा गांव पहुंची।
निकिता के पिता अशोक अहिरवार प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। हम जब उनके घर में दाखिल हुए तो वे अपने मोबाइल पर ‘अकेले हम, अकेले तुम’ फिल्म का गाना ‘तू मेरा दिल, तू मेरी जान, ओ आई लव यू डैडी’ सुन रहे थे।
हमें देखते ही सोफे से उठकर जमीन पर बैठ गए। कुछ पूछते, उससे पहले ही अपना मोबाइल दिखाते हुए कहते हैं, ‘आपको लग रहा होगा कि मैं गाने सुन रहा हूं, लेकिन ऐसा नहीं है। ये वीडियो निकिता ने आठ साल पहले फादर्स डे पर बनाया था। हम दोनों ने साथ मिलकर ये गाना गाया था।’
पानी की टिक्की से शुरू दोस्ती प्यार में बदली अशोक अहिरवार बताते हैं, सच, वो मेरा दिल और जान थी… यूं छोड़ गई मुझे। 24 घंटे में कितनी बार ये वीडियो देखता हूं, मुझे खुद को नहीं पता। बस ऐसा लगता है, वो अभी आकर गले से लिपट जाएगी। पढ़ाई लिखाई में अव्वल थी। 10वीं, 12वीं परीक्षा में उसके 80 प्रतिशत से ज्यादा नंबर आए थे। जिद करके नर्सिंग का कोर्स करने लगी।
उसे पानी की टिक्की बहुत पसंद थी। इटारसी में आकाश जैन का रेस्टोरेंट है। यहां बेटी फुल्की खाने अकसर रोज ही जाती। दोनों की दोस्ती हुई। ये दोस्ती कब प्यार में बदल गई, पता नहीं चला। बात शादी तक आ गई। वो ऊंची जाति का था। हमने बेटी को बहुत मना किया था।
बहुत समझाया, लेकिन नहीं मानी पिता ने बताया कि निकिता से साफ-साफ कहा था कि हमारी जाति छोटी है। रिश्ता निभना मुश्किल है। मेरे समझाने पर कहती थी कि आजकल जात-पात नहीं देखी जाती। आकाश ऐसा नहीं है। वो जिद पर अड़ गई कि शादी करेगी तो आकाश से ही। अगर उससे शादी नहीं हुई, तो जिंदगीभर कुंआरी रहेगी।
बहुत समझाया, उसकी मम्मी और दादी ने, पर वो नहीं मानी। आकाश के परिवार ने भी पहले मना किया। बाद में वे भी मान गए। पिछले साल यानी 5 मई 2024 को आर्य समाज के मंदिर से शादी कर दी। शुरुआत में उनके बीच सबकुछ ठीक चलता रहा। वो मायके आती, हम जब इटारसी जाते, तो उससे मिलने जरूर जाते।
दो-चार महीने ही बीते होंगे कि निकिता उदास रहने लगी। पूछने पर बताया कि ससुराल वाले परेशान करते हैं। हमारी छोटी जाति को लेकर गाली देते हैं। जो पैसा सरकार (इंटरकास्ट मैरिज पर मिलने वाली सहायता) से मिलने वाला है, उसके बारे में ताने मारते हैं।
मैंने उससे कहा- जो तू बता रही है। ये सब शादी के पहले ही बताया था। तू मानी नहीं। अब थोड़ा सब्र करना सीख, कुछ दिन बाद सब ठीक हो जाएगा। एक बार ससुराल से अचानक मायके आ गई। कुछ दिन बाद दामाद आकाश आया और निकिता को मनाकर ले गया।
निकिता के पिता का कहना है कि बेटी को ससुराल वाले छोटी जाति को लेकर ताने देते थे।
आखिरी बार होली पर घर आई थी अशोक बताते हैं कि होली पर आखिरी बार वो यहां आई थी। इसके बाद उससे बात तो कई बार जरूर हुई, लेकिन चेहरा आखिरी बार उसकी लाश के रूप में ही देखा। उसकी मौत की खबर उस दिन आई, जिस दिन मेरी बड़ी बेटी की शादी की सालगिरह थी।
अशोक अहिरवार कहते हैं कि बड़े नाजों से पाला था उसे। ज्यादा पैसा तो थे नहीं हमारे पास। लेकिन, उसकी हर ख्वाहिश पूरी करने की कोशिश की। वो मेरे बिना कभी खाना नहीं खाती थी। बेटा थी मेरी। साथ खेलती, डांस और मस्ती करती।
समझ नहीं आता, क्या करूं। मैं जानता था कि वो ससुराल में परेशान है। मुझे लगता था कि शादी अभी नई-नई है। बाल-बच्चे हो जाएंगे, तो सब ठीक हो जाएगा। लेकिन, वो तो हमें हमेशा के लिए अकेला छोड़कर चली गई।
उसके दो वीडियो में वो मेरे बारे में ही कह रही है। पहले वाले वीडियो में तो मैं उसके साथ ही डांस कर रहा हूं। दूसरे वीडियो में वो गाना गा रही है, ‘है खुशनसीबी मेरी, कहलाऊं तेरी बेटी, पापा…’
आकाश और निकिता ने 5 मई 2024 को आर्य समाज मंदिर में शादी की थी।
दादी बोलीं– बेटी काे मारकर लटकाया गया निकिता की दादी प्रेमवती अहिरवार कहती हैं कि घर में सब से बड़ी हूं। हमारा परिवार में आज-तक न्यारे-ब्यारे नहीं हुए है। 18 लोग एक साथ रहते हैं। सबका खाना साथ बनता है, सब साथ खाते-पीते हैं।
झूठ नहीं बोलूंगी, चाहे मुझे फांसी क्यों न हो जाए। उस दिन बताया गया कि बेटी ने सुबह 9 बजे फांसी लगा ली। अरे, वो तो सुबह छह बजे उठ जाती थी। देर तक सोने की उसकी आदत ही नहीं थी। उसने मुझे बताया था कि ससुर सुबह दरवाजे की घंटी बजाकर नीचे बुला लेते हैं।
जिस दिन वो मरी, मैक्सी पहने थी। वो कभी भी ससुर के सामने मैक्सी में नहीं आती थी। मैंने तो उसकी लाश देखी है। उसके बदन पर अंदरूनी एक भी कपड़ा नहीं था। ऐसी तो वो कभी रहती ही नहीं थी। उसे मार कर फांसी पर लटकाया है। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
दादा बोलीं- मैंने भी उसे बहुत समझाया था कि तेरी निभ नहीं पाएगी, लेकिन वो मानी ही नहीं। ससुराल वाले कहते हैं कि वो घर का काम नहीं करती थी। लड़ती-झगड़ती थी।
अब बताओ यहां तो हमारा इतना बड़ा परिवार है। घर की बहू-बेटियां सब मिलकर काम करते हैं। वो भी अपनी मां-चाची और भाभियों का हाथ बंटाती थी। काम किए बिना तो उसे चैन ही नहीं पड़ता था। उसके बारे में ससुराल वालों ने कह दिया कि एक गिलास यहां से उठाकर वहां नहीं रखती थी।
हमें तो शुरू से ही खटका था, हम छोटी जाति के हैं। वो लोग निकिता को हमारी जाति को लेकर गालियां देते थे।
मैं झुकने और डरने वालों में से नहीं हूं। अपनी आखिरी सांस तक अपनी पोती को न्याय दिलाने लड़ूंगी।
मां बोलीं- बड़ी बेटी की एनिवर्सरी पर बुलाने वाली थी उसे
दादी से बात करने के बाद हम निकिता की मां जमुना अहिरवार से बात करने लगे। वे कहती हैं, ‘5 मई 2024 को उसकी शादी हुई थी। शादी की सालगिरह आने वाली थी। ठीक 10 दिन पहले यानी 25 अप्रैल को वो हमेशा के लिए छोड़कर चली गई।
जिस दिन उसकी मौत की खबर आई, उस दिन बड़ी बेटी नंदिनी की शादी की सालगिरह थी। सुबह से मन बहुत अच्छा था। उसे बधाई देने के बाद घर का कामकाज निपटा रही थी, तभी 10 बजे के करीब निकिता के फांसी लगाने की खबर आ गई। मैंने तो सोचा था कि निकिता को उसकी शादी की सालगिरह पर बुलाऊंगी।
उससे आकाश जैन से शादी के लिए बहुत मना किया था। बच्चों की खुशी किसे पसंद नहीं है। हर मां-बाप चाहते हैं कि उसके बच्चे खुश रहें। हमने भी उसकी खुशी की खातिर उसे शादी करने इजाजत दी थी।
भले ही देर सही, हमें उम्मीद है कि हमारी बेटी और हमें न्याय जरूर मिलेगा’
पुलिस ने रविवार को आरोपी आकाश जैन को गिरफ्तार किया है।
खबर में पोल पर अपनी राय दे सकते हैं।