लोस चुनाव के बाद गांव-गांव घूमकर लेंगे विकास का जायजा, शेष काम करेंगे पूरा : नीतीश

4
लोस चुनाव के बाद गांव-गांव घूमकर लेंगे विकास का जायजा, शेष काम करेंगे पूरा : नीतीश

लोस चुनाव के बाद गांव-गांव घूमकर लेंगे विकास का जायजा, शेष काम करेंगे पूरा : नीतीश


लोस चुनाव के बाद गांव-गांव घूमकर लेंगे विकास का जायजा, शेष काम करेंगे पूरा : नीतीश
अगले विस चुनाव के पहले हर पंचायत में बन जाएगा सरकार भवन

40 सीटों पर जीतकर फिर से नरेन्द्र मोदी को बनाएंगे पीएम

हिलसा में चुनावी सभा में सीएम ने अपने कार्यकाल की गिनायीं उपलब्धियां

फोटो :

सीएम 01 : हिलसा में सोमवार को चुनावी सभा में मंच से लोगों का अभिवादन स्वीकार करते सीएम नीतीश कुमार व अन्य।

सीएम 02 : हिलसा में सोमवार को चुनावी सभा में शामिल लोगों की भीड़

सीएम 03 : हिलसा में चुनावी सभा को संबोधित करते सीएम नीतीश कुमार।

बिहारशरीफ, हिन्दुस्तान टीम।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद वे गांव-गांव का दौरा करेंगे। इस दौरान धरातल पर उतारे गये विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे। साथ ही, शेष कार्यों को पूरा कराएंगे। 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले सूबे की सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन बना दिये जाएंगे। इसी भवन में लोगों के रोजमर्रे के सारे कार्य निपटाये जाएंगे।

रोड शो शुरू करने से पहले सोमवार को हिलसा में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम बिहारवासियों को 40 में 40 सीटें एनडीए के खाते में डालकर फिर से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। उस दौरान अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनायीं, वहीं पति-पत्नी (लालू-राबड़ी) के 15 साल की नाकामियों की भी याद दिलायी। बिना नाम लिए विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। कहा कि वे लोग हिन्दू-मुस्लिम का झगड़ा कराते थे। मेरी सरकार ने सभी तरह के झगड़ों को समाप्त करा दिया। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गयी। आठ हजार से अधिक कब्रिस्तानों की घेराबंदी करायी गयी।

बताएं, कौन क्षेत्र विकास से अछूता :

उन्होंने विपक्षी नेताओं पर बरसते हुए कहा कि वे कोई एक क्षेत्र का भी नाम बतायें, जहां विकास कार्य नहीं हुए हैं। बिना भेदभाव के हमने सभी धर्म, वर्ग, जाति व संप्रदायों के लिए काम किया है। उन गांवों व टोलों तक भी विकास की रोशनी पहुंचायी, जहां के लोग पहले काफी फजीहत भरी जिंदगी जीने को विवश थे। अगले साल चुनाव होने के पहले तक 10 लाख लोगों को नौकरी व रोजगार दे दिया जाएगा।

महिलाओं का विकास :

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के चहुंमुखी विकास के लिए विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों का विस्तार किया। स्वयं सहायता समूह का नाम जीविका रखा। बिहार का जीविका कार्यक्रम देशभर में आजीविका नाम से चल रहा है। बिहार में 10 लाख 51 हजार स्वयं सहायता समूहों का गठन कराया गया है। इन समूहों से एक करोड़ 31 लाख महिलाएं जुड़ चुकी हैं। अनेक महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिलाकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया। अब शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता जीविका समूहों के गठन की शुरुआत की गयी है।

महिलाएं ला रहीं मौन क्रांति :

जीविका से जुड़ी महिलाएं सूबे में मौन क्रांति ला रही हैं। जीविका से हजारों ऐसी महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जो पहले बदहाली में किसी तरह जीवन-यापन कर रही थीं। वे आज अपने बच्चों व परिजनों को खुशहाल बनाने में जुटी हैं। अब तो वे समाज को भी आर्थिक रूप से सबल बनाते हुए नई दिशा देने को तत्पर हैं।

आर्थिक गणना से बढ़ा आरक्षण :

देश में सबसे पहले हमने जाति आधारित गणना करायी। इसके आधार पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति, पिछड़ा व अतिपिछड़ा वर्गों की संख्या बढ़ी तो आरक्षण 50 से बढ़ाकर 65 फीसद कर दिया। सामान्य वर्ग के 10 फीसद आरक्षण को जोड़कर यह 75 प्रतिशत हो गया है। आर्थिक गणना में 94 लाख परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब पायी गयी। उनकी आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए दो-दो लाख रुपये की मदद करने का निर्णय लिया गया है।

हिलसा में शुरू करायी रेल सेवा :

सीएम ने कहा-जब केन्द्र में मंत्री बना तो दशकों से बंद फतुहा-इस्लामपुर रेलखंड को फिर से चालू कराया। शिक्षा के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। टेक्निकल कॉलेज, नर्सिंग कालेज, आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया। बिहटा-सरमेरा, नालंदा-बेन-इस्लमापुर, दनियावां-इस्लामपुर पथ का निर्माण हुआ है। नालंदा जिले में दो हजार 177 ग्रामीण सड़कें बनायी गयी हैं। जबकि, पहले कहीं भी रास्ता नहीं था। राजगीर के ऐतिहासिक स्थलों का विकास कराया गया है।

मौके पर राज्य सभा सांसद संजय झा, राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, नालंदा के प्रत्याशी कौशलेन्द्र कुमार, एमएलसी रीना यादव, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार, विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, सीएम के अतिरिक्त मनीष कुमार वर्मा, पूर्व विधायक राजीव रंजन सिंह, हीरा बिंद व अन्य मौजूद थे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News