यौम-ए-आशुरा के दिन लोगों ने निकाला ताजिया

3
यौम-ए-आशुरा के दिन लोगों ने निकाला ताजिया

यौम-ए-आशुरा के दिन लोगों ने निकाला ताजिया

बेगूसराय/खोदावंदपुर, हिन्दुस्तान टीम। जिलेभर में मुहर्रम की दसवीं तारीख यौम-ए-आशुरा के दिन बुधवार को लोगों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत दिवस के रूप में मनाया। धार्मिक दृष्टिकोण से मुहर्रम के अवसर पर इस्लाम धर्मावलंबियों ने रोजा का पालन कर खुदा की बारगाह में इबादत करते हुए कर्बला के मैदान में सच्चाई, ईमानदारी व मानवतावाद की रक्षा के लिए लड़ते हुए शहीद होने वाले इमाम हुसैन सहित सभी शोहदा-ए-कर्बला के लिए दुआएं की। मुहर्रम की दसवीं तारीख को लोगों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत दिवस के रूप में मनाते हुए पारम्परिक तरीके से ताजिया निकाले। वहीं अनेक गांव में अवस्थित अखाड़ा में लोगों ने युद्ध कौशल दिखाए। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के नुरूल्लाहपुर, बरियारपुर पश्चिमी, फफौत, मिर्जापुर, बाड़ा, सिरसी सहित अन्य गांव से ताजिया निकाला गया। इस प्रकार मुहर्रम को लोगों ने आपसी भाईचारे के माहौल में मिल-जुल कर शांतिपूर्ण तरीके से मनाया। लोगों ने शोहदा-ए-कर्बला की याद में इसे मनाया। मुहर्रम के अवसर पर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह चौकस दिखा। बीडीओ नवनीत नमन सहित सभी अधिकारी पुलिस बल के साथ संपूर्ण क्षेत्र का दौरा कर विधि व्यवस्था बनाए रखने के प्रति मुस्तैद दिखे।

बखरी में विभिन्न अखाड़ो ने निकाला ताजिया जुलूस

बखरी, निज संवाददाता। क्षेत्र में शांति सौहार्द और भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न अखाड़ो द्वारा ताजिया जुलूस निकाला गया। लोग तिरंगा झंडा लेकर भी जुलूस में चल रहे थे। जुलूस में शामिल युवकों द्वारा लाठी एवं परंपरागत हथियारों से करतब का प्रदर्शन किया गया। देर शाम मक्खाचक से आकर्षक ताजिया जुलूस निकाला गया, जो पुरानी बैंक चौक होते हुए बाजार में निकाला गया। इसके अलावा इस्माइल नगर बखरी, शकरपुरा, लौछे, पठानटोली, सिमरी, घाघरा, इमादपुर, अकहा, खखरूआ गांव से भी ताजिया जुलूस निकाला गया। इसमें शामिल लोगों ने विभिन्न तरह के करतब दिखाकर कर आकर्षक प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ, एसडीपीओ कुंदन कुमार, बीडीओ महेशचंद्र, सीओ राकेश कुमार चौधरी, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर विकाश कुमार राय के साथ भारी संख्या में पुलिस बल गश्त कर रहे थे। इसके साथ ही जगह जगह पर पुलिस बल को भी सुरक्षा कारणों से तैनात किया गया।

निकाला गया ताजिये का जुलूस,सुरक्षा की चाक चौबंद इंतजाम

नावकोठी। थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में मुस्लिम अकीदतमंदो के द्वारा मोहर्रम के अवसर पर परंपरागत ताजिया जुलूस निकाला गया।इस क्रम में देवपुरा, सैदपुर,विष्णुपुर, वृंदावन, छतौना, नावकोठी, पहसारा,पीरनगर, रजाकपुर, मोहीउद्दीनपुर पीरनगर इत्यादि गांव में खेल प्रदर्शन किया गया एवं अखाड़ा निकाला गया। मोहर्रम की 10 वीं तारीख को परंपरागत तौर पर मुस्लिम अकीदतमंदों के द्वारा विभिन्न अखाड़े पर खेल तमाशा एवं विभिन्न प्रकार के युद्ध कला कौशल, खेल तमाशा तथा ताजिया का प्रदर्शन किया जाता है। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दल के नेता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस खेल में लाठी, बाना, बनेठी के खेल में हिस्सा लिया।।सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी थी। इस साल जुलूस में घातक हथियार, भाला फरसा एवं तलवार के प्रदर्शन पर रोक थी। ताजिया जुलूस को देखने के लिए दूरदराज की महिला पुरुष एवं युवाओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी थी। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, पुलिस निरीक्षक आनंद कुमार, एसआई कुन्दन कुमार, एसआई मनोज प्रसाद,विश्व जीत कुमार, सहित विभिन्न स्थानों पर तैनात मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में ताजिया का पहलाम किया गया।

सत्यारा चौक में ताजियों का मिलन

मंझौल। अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र में बुधवार को मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। इस अवसर पर सत्यारा चौक मंझौल में बुधवार को मंझौल, पबड़ा, सिउरी, कमला के ताजियों का मिलान हुआ एवं पुरुष एवं महिलाओं की काफी भीड़ उमड़ती रही। लोगों ने लाठी, डंडे तलवारबाजी समेत विभिन्न तरह के शास्त्र कौशल का प्रदर्शन किया। चौक पर ट्रैफिक धीमा रहा। सुबह से 2.5 बजे तक बिजली कटी रही। बिजली आपूर्ति बंद रहने से भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मजिस्ट्रेट एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान निगरानी कर रहे थे।

मोहर्रम जुलूस में गढ़हरा से बारो पहुंचे लोगों का स्वागत

गढ़हरा(बरौनी)। मोहर्रम का भव्य जुलूस बुधवार को परम्परागत तरीके से गढ़हरा अखाड़ा से बारो अखाड़ा के लिए रवाना हुआ। गढ़हरा थानाध्यक्ष सुमंत चौधरी अपने पुलिस बल व शांति समिति के सदस्यों के साथ अलर्ट मूड में दिखे। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के महिलाओं ने भी जुलूस में भाग लिया। इस मौके पर समाजिक कार्यकर्ता दानिश महबूब, मोफिजुर रहमान, तसनीम इकबाल, फ़ैज़ अकरम, जाकिर हुसैन, मो कलीम, शाकिर हुसैन, बबलू, मो. कमरूल, मो जमील आदि ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। सुबह से ही लोग करतब दिखाते रहे। बच्चों ने भी कला प्रदर्शन किया। इस कारण बहुत काफी चहल पहल रहा। हर जगह दिन रात ढोल की आवाज व नारे बाजी से मोहर्रम में चार चांद लग गया। बारो में मुखिया मो जफर आलम के अखाड़ा परिसर में स्वागत किया गया। वार्ड पार्षद मो इफ्तेखार अंसारी, मो. सरफराज, वार्ड पार्षद मो. दिलशाद, मो. तलअत अहमद, मो. चांद, मो. नेहाल, मो. सलीम, मो. फैज आदि शामिल थे।

नेकी और सच्चाई के बल पर ही मिलती है कामयाबी

तेघड़ा, निज प्रतिनिधि। मोहर्रम को लेकर दिन भर ढ़ोल नगारों पर उत्साही युवक लाठी डंडे व कई हथियों को लहराते रहे और थिड़कते रहे। तेघड़ा के पिढ़ोली, रातगांव के भगवानपुर चक्की, आधारपुर, हसनपुर, दनियालपुर, चकदाद, बिढ़नियां बाजार सहित दर्जनों स्थानों पर सुबह से ही युवकों द्वारा ढ़ोल नगाड़े बजाते रहे। इस दौरान सभी स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। उत्साही युवकों का जोश देखते ही बनता था। इससे पहले मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नक्की मस्जिद के ईमाम ने कहा कि नौवं और दसवें दिन रोजा रखकर मोहर्रम मनाया जाना चाहिए। मोहर्रम सच्चाई एवं नेकी की जीत है। यह पर्व शहादत एवं धैर्य का है। जो लोग सच्चाई की राह पर चलकर अल्लाह के प्रति स्नेह और विश्वास रखते हैं उन्हें जरूर कामयाबी मिलती है। मौके पर बजलपुरा स्थित करबल्ला को सजाया संवारा गया। लोगों ने वहां पहुंचकर इबादत की और देश दुनियां की सलामती के लिए दुआएं मांगी।

गढ़पुरा में पारंपरिक और शांति पूर्वक मनाया गया मोहर्रम का त्यौहार

गढ़पुरा, निज संवाददाता। हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत की याद में मुहर्रम का त्योहार पारंपरिक और शांति पूर्वक तरीके से से मनाया गया। विभिन्न गांवों में आकर्षक रूप से तैयार किये गये और उसे इमामबाड़े में रखा गया। बाद में ताजिया को लेकर गांव का भ्रमण भी कराया गया। मुख्य ताजिया के अलावे मन्नत वाले ताजिया भी बड़ी संख्या में बनाए गए थे। कोरैय गांव में कई ताजिया बनाए गए। जगह-जगह युवकों ने हैरतअंगेज कलाबाजी का प्रदर्शन किया। या अली या हुसैन से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। प्रखंड के बरमोतरा, कोरैय, सुजानपुर, धरमपुर, राहुल नगर, गढ़पुरा, कुम्हारसों, सोनमा, रजौड़, मौजी हरिसिंह, खखरुआ आदि गांवों में ताजिये का निर्माण किया गया था। इधर मोहर्रम को लेकर शांति व्यवस्था के लिए जगह जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। गढ़पुरा हाई स्कूल के परिसर में ताजिया मिलान का आयोजन किया गया जिसमें कुम्हारसों,धर्मपुर,सुजानपुर, राहुल नगर और गढ़पुरा के ताजिए को आपस में मिलाया गया। ढोल नगाड़े के बीच हजारों की संख्या में लोग यहां इकट्ठा हुए थे। इस दौरान पूरे परिसर में अस्थाई रूप से बाजार सजाए गए थे। इधर मोहर्रम को देखते हुए बुधवार को 11:00 दिन से ही पूरे प्रखंड क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। जिसके कारण लोग उमस भरी गर्मी से बेचैन रहे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News