मोतिहारी से 10 लाख का इनामी आतंकी कश्मीर सिंह गिरफ्तार: ‘मिशन बिहार’ लेकर NIA कर रही पूछताछ; सीजफायर के बाद भी राज्य में हाई अलर्ट जारी – Motihari (East Champaran) News h3>
भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बावजूद बिहार के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी है। खासतौर से नेपाल से लगे सीमावर्ती इलाकों में पारा मिलिट्री और जगह-जगह बिहार पुलिस के जवान लगातार पैनी निगाह बनाए हुए हैं।
.
संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और चेकिंग भी चल रही है। रविवार को भी पुलिस मुख्यालय की ओर से बदली परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
वहीं पटना के महावीर मंदिर समेत सभी धार्मिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती दिखी। पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी पूरे दिन बड़ी संख्या में लगे जवानों ने चप्पे-चप्पे पर नजर बनाई रखी।
10 लाख का इनामी आतंकी गिरफ्तार
रविवार को NIA ने मोतिहारी से 10 लाख के इनामी खालिस्तानी आतंकी कश्मीर सिंह उर्फ बलबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। एजेंसी को इनपुट मिला था कि कश्मीर सिंह मोतिहारी में छिपा है।
इसके बाद मोतिहारी SP स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर ASP शिवम धाकड़ के नेतृत्व में नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई।
इसमें जिसमें आतंकी को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आतंकी के पास से कई संदिग्ध दस्तावेज और सामान बरामद किए गए हैं।
SP ने बताया, ‘कश्मीर सिंह को पकड़ने के लिए उसके पोस्टर लगाए गए थे और इनाम रखा गया था। इसके बाद आम लोगों ने सूचना दी कि वो नेपाल भागने की फिराक में है। इससे पहले पुलिस ने उसे पकड़ लिया।’
मोतिहारी पुलिस की गिरफ्त में कश्मीर सिंह।
वांटेड था कश्मीर सिंह उर्फ बलबीर सिंह
जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो यह पता लगा रही है कि आतंकी मोतिहारी कैसे पहुंचा और स्थानीय स्तर पर किससे संपर्क में था। कश्मीर सिंह से बिहार आने के मिशन को लेकर भी पूछताछ हो रही है।
NIA ने 2023 में कश्मीर सिंह उर्फ बलबीर सिंह पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वो देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकवादी गतिविधियों और हिंसक साजिशों को अंजाम देने के आरोप में वांटेड था।
नाभा जेल ब्रेक का मास्टरमाइंड है कश्मीर सिंह
कश्मीर सिंह 2016 के नाभा जेल ब्रेक कांड में भी मुख्य आरोपी था। इस कांड में कई खतरनाक कैदी जेल से फरार हो गए थे। मोतिहारी से आतंकी की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है और उसके संभावित नेटवर्क की तलाश तेज कर दी गई है।
रात 10 बजे बाद पटाखे और लाउड म्यूजिक बैन
इधर, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रदेश में रात 10 बजे से पटाखे जलाने और लाउड म्यूजिक बजाने पर रोक लगा दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया, ‘कार्यालयों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हवाई अड्डा, धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल और सीमावर्ती इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि लोग शादी-विवाह में रात 10 बजे के बाद तेज आवाज वाले पटाखे नहीं फोड़ें। साथ ही डीजे या तेज आवाज में संगीत बजाने पर भी रोक रहेगी।
साइबर पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी होगी
सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी करते हुए साइबर पेट्रोलिंग की जा रही है। दरअसल, सीजफायर के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान परस्त यूजर लगातार भ्रामक पोस्ट डाल रहे हैं। ऐसे पोस्ट पर भी नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों, प्रोपेगैंडा, आपत्तिजनक वीडियो पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित खंडन करने की व्यवस्था जारी रखने की बात कही।